जनहित के संकल्प के साथ “सुशासन तिहार 2025” की समाधान शिविर से हुई प्रभावी शुरुआत




माहेश्वरी भवन में आयोजित शिविर में सांसद, विधायक सहित जनप्रतिनिधियों ने जताई भागीदारी
जनता की समस्याओं का हुआ त्वरित निराकरण, सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट – सांसद महेश कश्यप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा – “जनकल्याण के लिए सजग और सक्रिय है राज्य सरकार”
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ जगदलपुर। बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे और प्रत्येक नागरिक प्रदेश के समग्र विकास में भागीदार बने। इसी संकल्प के साथ “सुशासन तिहार” का आयोजन किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्राप्त आवेदनों पर विभागों द्वारा तुरंत कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित किया गया और इसकी जानकारी आवेदकों को दी गई। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी और सरकार इस दिशा में लगातार सकारात्मक प्रयास करेगी। श्री कश्यप माहेश्वरी भवन, पं. श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड में आयोजित समाधान शिविर को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री किरण देव ने कहा कि राज्य सरकार सजगता और प्रतिबद्धता के साथ जनहित में कार्य कर रही है। सरकार बनते ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सभी गारंटियों को पूरा करने की दिशा में तेजी से कदम उठाए जा रहे हैं। सुशासन तिहार का उद्देश्य जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और मंत्रीगण गांव-गांव जाकर चौपाल के माध्यम से सीधे जनता से संवाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
महापौर श्री संजय पांडे ने समाधान शिविर में समस्याओं के निराकरण की जानकारी दी और कहा कि नगर निगम लगातार सजग रहकर जनसुनवाई में आगे रहेगा। इस दौरान अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। साथ ही 06 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई व 03 शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार किया गया। चार हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड भी प्रदान किए गए।
समाधान शिविर में नगर निगम क्षेत्र के माता संतोषी वार्ड, रविन्द्रनाथ टैगोर वार्ड, गुरु घासीदास वार्ड, महारानी वार्ड, पं. श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड और महेन्द्र कर्मा वार्ड के कुल 244 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका शत-प्रतिशत निराकरण किया गया। नगर निगम क्षेत्र में अब तक कुल 3010 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 2706 का समाधान हो चुका है। शेष आवेदनों की प्रगति की जानकारी संबंधित आवेदकों को दी गई है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ लौहशिल्प बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रफुल्ल विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, नगर निगम अध्यक्ष श्री खेमसिंह देवागन, आयुक्त श्री प्रवीण वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।


