मातृ दिवस पर कोरबा के स्वर्वमांगला वृद्धाश्रम में नागरिक जन सेवा समिति ने रचाई सेवा और सम्मान की मिसाल




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ अंतरराष्ट्रीय मातृ दिवस के अवसर पर नागरिक जन सेवा समिति, कोरबा द्वारा स्वर्वमांगला वृद्धाश्रम में एक भावनात्मक, भव्य और अनुकरणीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृशक्ति, बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, अपनत्व और कृतज्ञता प्रकट करना था।
इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कोरबा नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत रहीं, जिन्होंने मातृत्व की गरिमा और समाज में महिलाओं की भूमिका पर विचार व्यक्त करते हुए वृद्धाश्रम की आवश्यकताओं को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका एवं समाजसेवी श्रीमती सना आरबी ने किया, जिनके कुशल संयोजन और मार्गदर्शन में यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और स्वागत भाषण से हुई, जिसके बाद वृद्ध महिलाओं सहित सभी उपस्थित माताओं का विशेष सम्मान किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गीत, नृत्य और मनोरंजक खेलों ने समूचे वातावरण को उल्लास और आत्मीयता से भर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नागरिक जन सेवा समिति के अध्यक्ष मोह. न्याज नूर आरबी ने की। उन्होंने समिति की पांच वर्षों की सेवा यात्रा और समाज कल्याण में निभाई भूमिका की संक्षिप्त प्रस्तुति दी और वृद्धाश्रम की कमियों को शीघ्र दूर करने का भरोसा दिलाया। समिति की ओर से सभी महिलाओं को प्रशस्ति पत्र, उपहार व खाद्य सामग्री वितरित की गई।
इस अवसर पर मंच पर विशिष्ट रूप से उपस्थित रहीं:
श्रीमती मधु पाण्डेय (अधिवक्ता), श्रीमती चित्रलेखा चंदेल, डॉ. अन्नपूर्णा बोर्डे, श्रीमती भारती अरोड़ा, श्रीमती लता बौद्ध (बौद्ध समाज अध्यक्ष), श्रीमती गायत्री साहू, श्रीमती शबाना अंजुम, श्रीमती नीलिमा पटेल, श्रीमती हेमा केशरवानी, श्री संजीत सिन्हा, श्री पारस जैन, शेख मंसूर, बीरू यादव एवं बड़ी संख्या में वृद्धजन, समिति के सदस्य और आमजन उपस्थित रहे।
इस आयोजन ने मातृत्व को सामाजिक मंच पर सम्मानित कर एक गहरी भावनात्मक छाप छोड़ी। यह कार्यक्रम न केवल महिलाओं के प्रति सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि वृद्धाश्रम व समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना का भी संदेश दे गया।


