August 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“आपातकालीन तैयारी को लेकर बालको ने जिला प्रशासन के सहयोग से किया मॉक ड्रिल का आयोजन”

1 min read

  त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा बालकोनगर ****/    भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने औद्योगिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण मॉक ड्रिल कार्यक्रम का आयोजन किया। यह आयोजन ऐश डाइक क्षेत्र में किया गया, जिसमें जिला प्रशासन का सक्रिय सहयोग रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु कर्मचारियों, सुरक्षा दलों और स्थानीय समुदाय की प्रतिक्रिया क्षमताओं को परखना और मजबूत बनाना था।

मॉक ड्रिल के दौरान एक काल्पनिक औद्योगिक दुर्घटना का दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिसमें सभी संबंधित एजेंसियों और कर्मचारियों ने त्वरित और समन्वित प्रतिक्रिया देकर वास्तविक समय में अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया। इस अभ्यास में राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), छत्तीसगढ़ आपातकालीन अग्नि सुरक्षा विभाग, बालकोनगर पुलिस, जिला प्रशासन, बालको अस्पताल की टीम और स्थानीय समुदाय के सदस्य शामिल हुए।

इस अवसर पर नायब तहसीलदार सविता सिदार ने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास न केवल कर्मचारियों को जागरूक करते हैं, बल्कि आम जनता को भी आपातकालीन स्थितियों के प्रति सजग और आत्मनिर्भर बनाते हैं। उन्होंने कहा कि महिला और पुरुष कर्मचारियों को मिलकर काम करना चाहिए ताकि समुचित सामूहिक प्रयास हो सके। ऐसे अभ्यास नियमित रूप से होने चाहिए जिससे हर व्यक्ति संकट के समय में सही निर्णय ले सके।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने इस आयोजन को सामूहिक सुरक्षा और सतत औद्योगिक विकास के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल से सुरक्षा प्रक्रियाओं की व्यवहारिक समीक्षा होती है और आवश्यक सुधारों की पहचान की जा सकती है। बालको का हमेशा से यह प्रयास रहा है कि औद्योगिक संचालन के साथ-साथ सामुदायिक कल्याण और पर्यावरण की रक्षा भी सुनिश्चित की जाए।

बालको ने लंबे समय से सामाजिक उत्तरदायित्व, सुरक्षा जागरूकता और कर्मचारियों के प्रशिक्षण को अपनी कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाया है। प्रशिक्षण सत्र, वर्कशॉप और जागरूकता अभियानों के माध्यम से कंपनी कर्मचारियों और समुदाय को सजग बनाने में निरंतर जुटी हुई है। यह मॉक ड्रिल उसी क्रम में एक प्रभावशाली कदम सिद्ध हुई है।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.