August 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा की आदिवासी युवती से मानव तस्करी की आशंका

बालको थाना क्षेत्र का मामला, 8 महीने से बेटी लापता, परिजनों में चिंता और भय का माहौल

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा जिले के बालको थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत बेला से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक आदिवासी युवती को कथित रूप से पंजाब में बेचने का आरोप लगाया गया है। युवती के पिता ने इस संबंध में स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने कहा है कि उनकी 21 वर्षीय बेटी को गांव के ही एक व्यक्ति ने एक साल के “एग्रीमेंट” के बहाने पंजाब भेजकर बेचा है।

पीड़िता के पिता का कहना है कि उन्हें इस सौदे की कोई जानकारी नहीं थी। जब उन्होंने अपनी बेटी की खबर लेने की कोशिश की तो उन्हें सिर्फ यह जवाब मिला कि “बेटी को काम पर भेजा गया है।” इसके बाद से वे लगातार अपनी बेटी से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई बातचीत नहीं हो सकी है। परिजनों का कहना है कि बेटी की लंबे समय से खबर न मिलने और संपर्क टूट जाने से आशंका है कि उसके साथ कुछ अनहोनी हो सकती है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उनकी बेटी को जल्द से जल्द सकुशल वापस लाया जाए और जिन एजेंटों या कथित ठेकेदारों ने इस सौदे में भूमिका निभाई है, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी अपील की है कि इस तरह के मामलों को गंभीरता से लेकर आदिवासी समुदाय की सुरक्षा और विश्वास की रक्षा की जाए।

बालको थाना पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवती को पंजाब में भेजने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली गई है और उसकी गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है।

इस मामले ने पूरे क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल बना दिया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है ताकि मानव तस्करी जैसी घटनाओं पर कठोर नियंत्रण हो सके।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.