जन चौपाल में गरजी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े : “जनता की योजनाओं में लापरवाही अब नहीं चलेगी”




गांव-बस्ती चलो अभियान में मंत्री ने सुनीं समस्याएं, दी योजनाओं की जानकारी, की सख्त कार्रवाई
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा सूरजपुर, 10 मई 2025। राज्य की कैबिनेट मंत्री और भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने गांव-बस्ती चलो अभियान के तहत भैयाथान जनपद पंचायत के विभिन्न ग्राम पंचायतों – नावापारा, शिवप्रसाद नगर, सोनपुर, भंवराही और करौंदामुड़ा में जन चौपाल लगाकर जनता से सीधा संवाद किया। इन चौपालों में उन्होंने जहां ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, वहीं योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी सच्चाई को परखा और लापरवाह अधिकारियों पर सख्त तेवर दिखाए।
जन संवाद में संवेदना और सख्ती का मेल
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने चौपालों में मातृत्व को सम्मान देते हुए गर्भवती महिलाओं की पूजा कर भावनात्मक संदेश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, आयुष्मान भारत योजना, राशन वितरण, बिजली-पानी आपूर्ति जैसी योजनाओं की जानकारी साझा की और जनता से उनकी प्रतिक्रिया जानी।
लापरवाह अधिकारियों पर फटकार
पीएचई और क्रेडा विभाग के अधिकारी चौपाल में अनुपस्थित मिले, जिस पर मंत्री ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, “जन योजनाओं में लापरवाही अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।”
पर्यावरण और ग्रामसभा को जोड़ा अभियान से
मंत्री ने ग्रामीणों से वृक्षारोपण, जल संरक्षण और वनाग्नि रोकथाम में सहभागिता की अपील की। उन्होंने ग्राम सभा की महत्ता बताते हुए कहा, “गांव की असली ताकत ग्रामसभा है, अपनी बात खुलकर रखें और विकास में भागीदारी निभाएं।”
स्थानीय घोषणाएं बनीं उम्मीद की किरण
- शिवप्रसाद नगर में काली मंदिर के जीर्णोद्धार
- सोनपुर में हाईमास्ट लाइट की स्थापना
- करौंदामुड़ा में ग्रामीण देवालय के जीर्णोद्धार की घोषणा कर मंत्री ने ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया।
सक्रिय सहभागिता और जनभागीदारी रही सराहनीय
जन चौपालों में जिला पंचायत सदस्य कुसुम सिंह, अजजा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यनारायण सिंह, जनपद उपाध्यक्ष राजीव प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष सुनील साहू, सरपंच संतोष कांशी, रंजीत सिंह, रूपा सिंह, जनपद सदस्य जगन्नाथ सिंह एवं रश्मि सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला समूह और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


