पिपरिया समाधान शिविर में जनसमस्याओं का हुआ त्वरित निराकरण – 4343 में से 2329 आवेदनों का मौके पर समाधान
1 min read

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के अंतर्गत ग्राम पंचायत पिपरिया में एक भव्य समाधान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पिपरिया क्लस्टर की 9 ग्राम पंचायतों – पिपरिया, सिरी, पोड़ीकला, कुम्हारीदर्री, कोड़गार, अमझर, दुल्लापुर, जल्के एवं पनंगवा – को शामिल करते हुए आयोजित हुआ।
शिविर में कुल 4343 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2329 आवेदनों का मौके पर ही त्वरित और संतोषजनक समाधान किया गया। इन आवेदनों में मूलतः जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, जॉब कार्ड, सड़क निर्माण, बिजली, पेयजल, पेंशन, राजस्व संबंधित आवेदन आदि शामिल थे।
मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. पवन सिंह, अध्यक्ष, जिला पंचायत कोरबा उपस्थित रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत कोड़गार से जल्के तक सड़क निर्माण हेतु तत्काल प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त विभागीय अधिकारियों से कहा कि हर आवेदन का पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें, जिससे शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
कार्यक्रम में उनके साथ जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर, उपाध्यक्ष श्री प्रकाश चंद जाखड़, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री तुलाराम भारद्वाज, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति मरावी, जनपद सदस्यगण, सरपंच संघ अध्यक्ष श्री प्रताप मरावी, जनपद सीईओ, तहसीलदार तथा सभी संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिव उपस्थित थे।

शिविर में शिक्षा विभाग द्वारा एक छात्र को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया, वहीं जनपद पंचायत द्वारा पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड और जॉब कार्ड वितरित किए गए।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी देकर जनता की समस्याओं का समाधान तत्काल स्तर पर किया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली।
यह शिविर न केवल शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच को अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने का माध्यम बना, बल्कि ग्रामीणजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर विश्वास और सहभागिता का एक मजबूत सेतु भी बना।
ग्रामीणों ने इस समाधान शिविर की सराहना करते हुए शासन और प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया।
