March 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा पुलिस के कार्यों की गहन समीक्षा हेतु पहुंचे बिलासपुर रेंज आईजीपी डॉ. संजीव शुक्ला, पुलिसिंग सुधारों पर दिए अहम निर्देश

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  जिला कोरबा पुलिस के कार्यों की समीक्षा के उद्देश्य से बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) डॉ. संजीव शुक्ला 08 एवं 09 मई को कोरबा पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोरबा में गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण कर समीक्षा प्रक्रिया की शुरुआत की। इसके पश्चात आईजीपी डॉ. शुक्ला ने एसपी ऑफिस स्थित सभागार में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा विभिन्न शाखा प्रमुखों की उपस्थिति में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।

बैठक में उन्होंने अनुशासन और मूलभूत पुलिसिंग पर केंद्रित 32 बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की। इसमें अपराधों का त्वरित निराकरण, यातायात प्रबंधन, पुलिस कल्याण योजनाएं, नवीन कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन, डिजिटल साक्ष्य प्रणाली और आधुनिक पोर्टल्स के उपयोग जैसे विषय शामिल थे।

आईजीपी ने अपराधों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर नाराजगी जताते हुए निर्देशित किया कि सभी मामलों का निपटारा 60 से 90 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने ई-साक्ष्य, ऑनलाइन पेशी, साइबर पोर्टल, एनसीआरबी, समन्वय, IYO-मितान, CCTNS आदि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के बेहतर उपयोग पर बल दिया।

उन्होंने थाना स्तर पर बीट प्रणाली के विस्तार और विकेंद्रीकरण के माध्यम से पुलिसिंग को मजबूत करने की बात कही, जिसमें प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, विवेचकों की साप्ताहिक डायरी के सुपरविजन की अनिवार्यता पर भी जोर दिया गया।

बैठक में आगामी छह माह की कार्ययोजना तैयार की गई, जिसमें जनता से प्राप्त शिकायतों, सुशासन तिहार में प्राप्त फीडबैक और पुलिस के विरुद्ध शिकायतों के विधिक निराकरण की रणनीति शामिल थी। पुलिस बल की जरूरतों, फॉरेंसिक संसाधनों और पुलिस कल्याण योजनाओं पर भी गहन चर्चा की गई।

इसके साथ ही नगर सेवा से आए फायर एंड सेफ्टी अधिकारियों द्वारा पुलिस अधिकारियों को अग्निकांड की स्थिति में सुरक्षा उपायों और आग पर नियंत्रण की तकनीकों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर कोरबा एसपी श्री सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीतिश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री भूषण एक्का, नगर पुलिस अधीक्षक दर्री श्री विमल पाठक, डीएसपी श्री पंकज ठाकुर, रक्षित निरीक्षक श्री अनथराम पैकरा सहित जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

आईजीपी डॉ. संजीव शुक्ला का यह निरीक्षण न केवल पुलिसिंग के स्तर को उन्नत करने का प्रयास था, बल्कि जिले की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक दक्षता को नए स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक प्रभावी कदम सिद्ध होगा।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.