“बांगो बांध में जलस्तर गिरा, सतरेंगा पर्यटन स्थल पर संकट गहराया – कॉटेज सेवा अस्थायी रूप से बंद”




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध सतरेंगा पर्यटन स्थल इन दिनों जल संकट की मार झेल रहा है। कोरबा जिले के बांगो बांध का जलस्तर सामान्य से काफी कम हो गया है, जिससे सतरेंगा का जलभराव क्षेत्र प्रभावित हुआ है। इस कारण, पर्यटकों के लिए बनाए गए कॉटेज को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
वन विभाग के एसडीओ ने जानकारी देते हुए बताया कि सतरेंगा में पर्यटकों की सुविधा के लिए बनाए गए कॉटेज फिलहाल कुछ समय के लिए बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष बांगो बांध में जलस्तर अपेक्षाकृत कम है, जिससे न केवल सतरेंगा की खूबसूरती प्रभावित हो रही है, बल्कि पर्यटन गतिविधियां भी ठप पड़ गई हैं।
गर्मियों की छुट्टियों के चलते आमतौर पर यहां पर्यटकों की भीड़ लगी रहती थी, लेकिन इस बार जल संकट के कारण लोगों की आवाजाही भी कम हो गई है। इसका सीधा असर छोटे कारोबारियों पर पड़ा है, जो पर्यटकों पर निर्भर रहते हैं।
स्थानीय प्रशासन और वन विभाग का कहना है कि जैसे ही जलस्तर सामान्य होगा, पर्यटकों के लिए सभी सुविधाएं दोबारा शुरू कर दी जाएंगी। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार अगली कार्रवाई की जाएगी।


