March 19, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“पाकिस्तान जिंदाबाद” के नारे पर मचा सियासी तूफान, भाजपा ने कांग्रेस पर लगाया देशविरोधियों को संरक्षण देने का आरोप

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा रायपुर ****/  मध्यप्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है, जब कांग्रेस पार्षद अनवर पादरी द्वारा कथित रूप से “पाकिस्तान जिंदाबाद” के नारे लगाए जाने का वीडियो सामने आया। इस घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए इसे देश की भावनाओं के साथ खिलवाड़ और राष्ट्र विरोधी मानसिकता का परिचायक बताया है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा देश जहां आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहा है, वहीं कांग्रेस नेता पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाकर पहलगाम जैसी आतंकी घटनाओं के शहीदों का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्षद अनवर पादरी का ऐसा बयान पहलगाम के ज़ख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। यह कांग्रेस की विचारधारा और उसके देशभक्ति के दावों पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है।”

चिमनानी ने आगे कहा कि देश इस समय आतंकी हमलों के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा है, लेकिन कांग्रेस के नेता ऐसी बयानबाजी करके पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त लोगों को संरक्षण दे रही है और यह सब उसकी तुष्टीकरण की राजनीति का परिणाम है। भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की सोच नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी के भीतर छिपी हुई विचारधारा का पर्दाफाश है।

चिमनानी ने मांग की कि अनवर पादरी के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए, और कांग्रेस पार्टी स्पष्ट करे कि क्या वह अपने नेता के बयान का समर्थन करती है। साथ ही उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि क्या कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को इस पर कोई आपत्ति नहीं है?

भाजपा ने यह मुद्दा केवल एक राजनीतिक टिप्पणी तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे राष्ट्रीय सुरक्षा और देश की अखंडता से जोड़ते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब जनता को तय करना होगा कि उन्हें पाकिस्तान की जय बोलने वालों के साथ रहना है या भारत माता की जय के साथ

इस घटनाक्रम ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस को जन्म दे दिया है और आगामी समय में इसके राजनीतिक परिणाम और गहराते नजर आ सकते हैं। जनता की प्रतिक्रिया और कानून व्यवस्था की कार्रवाई पर अब सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.