“कोरबा और करतला सरपंच संघ द्वारा ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ पर संगोष्ठी आयोजित, जनप्रतिनिधियों को किया गया जागरूक”
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ तिलकेजा (कोरबा)। भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित “वन नेशन, वन इलेक्शन” के समर्थन में ग्राम स्तर पर जनचेतना फैलाने हेतु कोरबा एवं करतला ब्लॉक के सरपंच संघ द्वारा संयुक्त रूप से अटल समरसता भवन, तिलकेजा में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता व भाजपा उरगा मंडल अध्यक्ष किशन साव ने किया।

संगोष्ठी की शुरुआत ग्राम कोथारी निवासी सरपंच विश्राम कंवर द्वारा प्रस्ताव के वाचन से की गई। इसके पश्चात करतला सरपंच संघ के अध्यक्ष रामेश्वर राठिया एवं कोरबा ब्लॉक अध्यक्ष विजय मँझवार ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए केंद्र सरकार की इस पहल को लोकतंत्र और राष्ट्र के आर्थिक विकास के लिए उपयोगी बताया। विजय मँझवार ने अपने सभी पंचायतों में प्रस्ताव पारित कराने की प्रतिबद्धता जताई।

मुख्य अतिथि जनपद पंचायत करतला की अध्यक्ष श्रीमती अशोका कंवर ने “वन नेशन, वन इलेक्शन” के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जनप्रतिनिधियों से गांव-गांव तक इस विचार को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने पंचायतों में प्रस्ताव पारित कर महामहिम राष्ट्रपति को भेजने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला बौद्धिक प्रमुख ईश्वर श्रीवास ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रणाली को सुदृढ़, पारदर्शी और संसाधन-कुशल बनाना है। उन्होंने बताया कि 1951-52 में एक साथ चुनाव हुए थे, लेकिन 1967 के बाद यह चक्र टूट गया। इस पहल से समय, धन, संसाधन की बचत होगी और विकास कार्यों में निरंतरता बनी रहेगी।
इस अवसर पर विश्राम कंवर, विज्ञानी देवी गिधौरी, दीनानाथ राठिया, छत्रपाल सिंह, परमेश्वर राठिया, जयनेन्द्र कंवर सहित अनेक पंचायत प्रतिनिधि एवं जनपद सदस्य उपस्थित रहे। भाजपा मंडल के पदाधिकारी जैसे ओम साहू, संजू वैष्णव, पवन कंवर आदि की उपस्थिति से कार्यक्रम को मजबूती मिली।
कार्यक्रम के अंत में उप सरपंच तिलकेजा श्रीमती पद्मा कौशिक द्वारा सभी मंचस्थ अतिथियों और उपस्थित प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
यह संगोष्ठी न केवल ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनी, बल्कि इसे ग्राम पंचायत स्तर से समर्थन देने का सार्थक प्रयास भी रहा।







