“एक राष्ट्र, एक चुनाव के समर्थन में जनपद पंचायत करतला ने पारित किया सर्वसम्मत प्रस्ताव”
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ जनपद पंचायत करतला, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) ने देश की चुनाव प्रणाली में ऐतिहासिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ प्रस्ताव का सर्वसम्मति से समर्थन किया है। यह निर्णय दिनांक 30 अप्रैल 2025 को आयोजित सामान्य सभा की बैठक में लिया गया, जिसमें प्रस्ताव क्रमांक-09 को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
इस प्रस्ताव के माध्यम से जनपद पंचायत ने न केवल देश में संसाधनों की बचत, बल्कि प्रशासनिक स्थिरता और सशक्त लोकतंत्र की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता भी दर्शाई है। बैठक में सभी सदस्यों ने एक स्वर में इस विचार का समर्थन करते हुए कहा कि इससे बार-बार चुनाव कराने की बाध्यता समाप्त होगी, जिससे समय, धन और मानव संसाधनों की व्यापक बचत होगी।
प्रस्ताव की सत्य प्रतिलिपि क्रमांक 5186/स्था/ज.पं/2025-26, दिनांक 2 मई 2025 को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत करतला द्वारा हस्ताक्षरित कर अपर विकास आयुक्त, विकास भवन, नया रायपुर को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है। इसके अतिरिक्त, एक और सत्य प्रति क्रमांक 5187/स्था/ज.पं/2025-26 संचालक, पंचायत संचालनालय, विकास भवन, नया रायपुर को भी भेजी गई है।
जनपद पंचायत करतला की इस पहल को स्थानीय प्रशासनिक हलकों में एक सकारात्मक और दूरदर्शी निर्णय के रूप में देखा जा रहा है। यह प्रस्ताव ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ जैसे राष्ट्रव्यापी अभियान को जमीनी स्तर पर समर्थन देने की दिशा में एक प्रेरणास्पद प्रयास के रूप में सामने आया है।







