August 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“कोरबा के विवेकानंद उद्यान में वेव पूल शुरू, गर्मी में लोगों को मिली राहत – फीस यथावत”

1 min read

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा।****/  गर्मी के मौसम में जिलेवासियों को बड़ी राहत देते हुए कोरबा के विवेकानंद उद्यान (अप्पू गार्डन) में वेव पूल की सुविधा एक बार फिर शुरू कर दी गई है। सीएसईबी चौक के पास स्थित इस गार्डन में शनिवार से वेव पूल चालू हो गया, जिससे बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। खास बात यह रही कि प्रवेश और पूल के शुल्क में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं की गई है।

विवेकानंद उद्यान, जिसे लोग ‘अप्पू गार्डन’ के नाम से भी जानते हैं, कई वर्षों से नगर निगम द्वारा संचालित किया जा रहा था। लगभग 10 साल पहले यहां वेव पूल की सुविधा जोड़ी गई थी, जो गर्मी में लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई थी। गार्डन से लगे कैफेटेरिया का निर्माण 5 साल पहले किया गया था, लेकिन इसका संचालन शुरू नहीं हो पाया था, जिससे गार्डन की स्थिति धीरे-धीरे खराब होने लगी।

नगर निगम ने इस समस्या के समाधान के लिए गार्डन और कैफेटेरिया को 5 साल की लीज पर निजी पार्टी को सौंपने का निर्णय लिया। यह प्रस्ताव हाल ही में नगर निगम की सामान्य सभा में पारित हुआ, जिसके बाद ‘के.एन. एंड ब्रदर्स’ नामक निजी संस्था को संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई। 1 मई से इस संस्था ने गार्डन व कैफेटेरिया का संचालन प्रारंभ कर दिया है।

शनिवार को जब वेव पूल को फिर से खोला गया, तो गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। नागरिकों के लिए खुशी की बात यह रही कि शुल्क में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। पहले की तरह ही वयस्कों के लिए 75 रुपए और बच्चों के लिए 50 रुपए की टिकट दर यथावत रखी गई है।

नया प्रबंधन गार्डन की साफ-सफाई, देखरेख और सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास में जुटा है। कैफेटेरिया के संचालन से यहां आने वाले परिवारों को खानपान की भी बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

इस नई व्यवस्था से उम्मीद की जा रही है कि विवेकानंद उद्यान एक बार फिर से शहरवासियों के लिए एक लोकप्रिय पिकनिक स्पॉट और गर्मियों में सुकून भरा ठिकाना बनकर उभरेगा।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.