March 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे घूमते हाथी, दहशत में ग्रामीण; युवक की मौत के बाद वन विभाग सतर्क

त्रिनेत्र टाइम्स  कोरबा  ****/  (छत्तीसगढ़)। कोरबा-कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे हाथियों का झुंड दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। कटघोरा वन मंडल अंतर्गत केंदई रेंज में 12 हाथियों का एक समूह सड़क के किनारे घूमता पाया गया, जिससे स्थानीय लोग भयभीत हो गए। हाथियों की अचानक उपस्थिति के कारण कई बार मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो चुकी है।

उधर पसान रेंज के कुम्हारीसानी गांव में एक युवक को दंतैल हाथी ने कुचलकर मौत के घाट उतार दिया, जिसके बाद वह हाथी आगे के क्षेत्र में बढ़ गया। इस रेंज में पहले से ही 35 हाथियों का दल विचरण कर रहा है, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई है।

ग्रामीणों के अनुसार दंतैल हाथी का मूवमेंट अनियमित है, जिससे उसकी लोकेशन का अनुमान लगाना मुश्किल हो रहा है। हाथी अब गांव और आबादी वाले क्षेत्रों के करीब पहुंच रहे हैं, जिससे लोगों में भय और चिंता का माहौल है।

कोरबा वन मंडल की जानकारी के अनुसार, फिलहाल क्षेत्र में 13 हाथी बचे हैं जबकि 39 हाथियों का झुंड लौट चुका है। हालांकि, ये हाथी कभी भी वापस लौट सकते हैं। यही वजह है कि वन विभाग की टीमें सतत निगरानी में लगी हुई हैं और सीमा क्षेत्रों में विशेष गश्त कर रही हैं।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, हाथियों के पास जाने से बचें और किसी भी स्थिति में वन विभाग को तत्काल सूचित करें। विभाग द्वारा संभावित खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है और निगरानी को और मजबूत किया जा रहा है।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.