कोरबा पुलिस विवेचकों के लिए “संवेदनशीलता और संवाद कौशल” पर विशेष प्रशिक्षण, जनसेवा को मिलेगा नया आयाम




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा। ****/ पुलिस विभाग द्वारा आमजन से प्रभावी, संवेदनशील और मर्यादित संवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज पुलिस लाइन कोरबा में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विशेष रूप से विवेचकों के लिए आयोजित किया गया, ताकि वे जांच कार्य के दौरान व्यावहारिक दक्षता के साथ मानवीय दृष्टिकोण को भी अपनाएं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने की। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीतीश ठाकुर, जिले के समस्त राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारीगण तथा कुल 55 विवेचक सम्मिलित हुए।
सत्र में संवेदनशील पुलिसिंग, प्रभावी संवाद कौशल, तथा महिला एवं बाल अपराधों की जांच में विशेष सतर्कता और सहानुभूतिपूर्ण दृष्टिकोण जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने विवेचना में आने वाली व्यवहारिक चुनौतियों को साझा किया, जिनका समाधान पुलिस अधीक्षक श्री तिवारी द्वारा गहनता से किया गया। उन्होंने अधिकारियों को यह भी समझाया कि कैसे संवेदनशीलता और व्यावसायिकता का संतुलन आमजन के विश्वास को बढ़ा सकता है।
यह प्रशिक्षण न केवल विवेचकों की कार्यकुशलता बढ़ाएगा, बल्कि पुलिस व्यवस्था को और अधिक जनोन्मुखी बनाने में सहायक सिद्ध होगा।


