मजदूर एकता का प्रतीक बना मई दिवस: जिला ट्रेड यूनियन काउंसिल कोरबा ने जिला चिकित्सालय में आयोजित किया फल वितरण कार्यक्रम




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। मई दिवस के अवसर पर जिला ट्रेड यूनियन काउंसिल कोरबा द्वारा एक प्रेरणादायी सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कोरबा जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के श्रम, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री के प्रतिनिधि श्री नरेंद्र देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत श्री देवांगन के करकमलों द्वारा हुई। फल वितरण कार्यक्रम के माध्यम से मई दिवस की मूल भावना—मेहनतकश वर्ग की एकजुटता और मानवता की सेवा—को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर जिला चिकित्सालय के डीन डॉ. सहारे, जिला काउंसिल के पदाधिकारीगण श्री मोहन सिंह प्रधान, श्री प्यारेलाल चौधरी, सुरेश कुमार द्विवेदी, आर.के. पांडे, रामाधार पटेल, तथा सिस्टा श्रम संघ के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान सभी चिकित्सकगण, नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल प्रशासन ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। फल वितरण अस्पताल के सभी वार्डों में जाकर मरीजों को दिया गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में प्रसन्नता का वातावरण देखने को मिला।
मजदूर दिवस पर मानवता का संदेश
मई दिवस, जो दुनियाभर के श्रमिकों की एकता और संघर्ष का प्रतीक है, इस बार कोरबा में सामाजिक सेवा की एक मिसाल बनकर सामने आया। मरीजों के प्रति सहानुभूति और सेवा की यह पहल ना केवल मानवता का संदेश देती है, बल्कि यह दर्शाती है कि मेहनतकश वर्ग केवल उत्पादन का हिस्सा ही नहीं, समाज सेवा का मजबूत आधार भी है।
कार्यक्रम की सफलता और जनसहभागिता को देखते हुए मुख्य अतिथि श्री नरेंद्र देवांगन और डीन डॉ. सहारे ने कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा की और ऐसे आयोजनों को भविष्य में भी आयोजित किए जाने की बात कही।
मजदूर दिवस जिंदाबाद!


