August 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

छत्तीसगढ़ी डिज्नीलैंड मेला बना आकर्षण का केंद्र, फिश टनल और झूलों ने मोहा दिल

1 min read

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कोरबा अंचल के बुधवारी बाजार मेला मैदान में आयोजित छत्तीसगढ़ी डिज्नीलैंड मेला अपने नए रंग, रूप और रोमांचक अनुभवों के साथ जिलेवासियों का भरपूर मनोरंजन कर रहा है। यह मेला बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

मेला संचालक कुलदीप ताम्रकार ने जानकारी देते हुए बताया कि वे देश के चार राज्यों में छत्तीसगढ़ी डिज्नीलैंड मेला आयोजित करते हैं और वहां के लोगों को छत्तीसगढ़ की संस्कृति और महत्व से भी अवगत कराते हैं। इस बार कोरबा में लगे मेले में खास बात यह है कि इसका प्रवेश द्वार पर्यावरण संरक्षण, जल, मिट्टी और पौधों की रक्षा जैसे संदेशों के साथ सजाया गया है, जो प्रकृति प्रेम का एहसास कराता है।

इस बार पहली बार मेले में “फिश टनल” का नया और अनोखा अनुभव देखने को मिल रहा है। विदेशी तर्ज पर तैयार इस फिश टनल में अलग-अलग देशों की रंग-बिरंगी मछलियों को तैरते देख लोग मंत्रमुग्ध हो रहे हैं। जलपरियों की जल क्रीड़ा का दृश्य भी दर्शकों को रोमांचित कर रहा है। यह टनल इस प्रकार से डिजाइन की गई है कि दर्शकों को समुद्र के भीतर होने का अहसास होता है।

मेला में मनोरंजन के लिए ब्रेक डांस, हवाई झूला (चांद-तारा), ड्रैगन ट्रेन, रशियन झूला, मिकी माउस, डोरेमॉन, टोरा-टोरा, तारामची, वाटर बोट सहित बच्चों और युवाओं के लिए कई तरह के झूले लगाए गए हैं। वहीं “भूत महल” भी विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जो दर्शकों को डर और मजे का अनोखा संगम दे रहा है।

फूड जोन में स्वादिष्ट व्यंजनों की बहार है, वहीं शॉपिंग के लिए 100 से अधिक स्टॉल्स लगाए गए हैं, जहां कपड़े, खिलौने, घरेलू सामान, सजावटी वस्तुएं सहित कई उत्पाद उपलब्ध हैं। इसके अलावा मनोरंजन स्टॉल में गेंद फेंककर, छल्ला डालकर, निशाना लगाकर इनाम जीतने जैसे खेलों में लोग बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।

मेले का समय प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक तय किया गया है। मेले में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं—हर कोने में सीसीटीवी कैमरे, निजी सुरक्षा गार्ड, फायर एक्सटिंग्विशर और प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ मौजूद हैं, जिससे आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

मेला संचालक कुलदीप ताम्रकार ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार के साथ आकर छत्तीसगढ़ी डिज्नीलैंड मेले का आनंद उठाएं और इस आयोजन को सफल बनाएं।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.