प्रबुद्ध जन संपर्क अभियान में पार्षद हितानंद अग्रवाल की सक्रिय सहभागिता, अनुसूचित जाति के परिवारों से की मुलाकात



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा। ****/ भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित प्रबुद्ध जन संपर्क अभियान के अंतर्गत कोरबा जिले के सर्वमंगला नगर क्षेत्र में पूर्व नेता प्रतिपक्ष और वर्तमान पार्षद श्री हितानंद अग्रवाल ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए जनसंपर्क किया। संगठन के निर्देशानुसार श्री अग्रवाल ने सर्वमंगला मंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों का दौरा कर अनुसूचित जाति वर्ग के प्रबुद्ध नागरिकों से मुलाकात की।
इस अभियान के दौरान वे मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ क्रमशः श्री संजय खूंटे, श्री लखन लाल आदिले, श्री पंचराम खूंटे, श्री सुदर्शन सारथी, श्री काशीराम टंडन, श्री रूपराम ज्वाला, श्री सुरित राम और श्री देवनाथ कोसले के निवास स्थान पर पहुँचे। उन्होंने इन परिवारों के मुखियाओं को पारंपरिक सम्मान स्वरूप गमछा पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें आगामी 27 अप्रैल को गीतांजलि भवन, कोरबा में आयोजित डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान समारोह के लिए आमंत्रण पत्र सौंपा।
इस अवसर पर हितानंद अग्रवाल ने कहा, “कांग्रेस सरकारों ने कभी भी डॉ. भीमराव अंबेडकर को उनके योग्य सम्मान नहीं दिया। पंडित नेहरू ने उन्हें 1952 और 1954 के चुनाव में हराने का प्रयास किया क्योंकि वे बाबा साहब के विचारों से डरते थे। भाजपा एकमात्र पार्टी है जो बाबा साहब के विचारों पर चलती है और उनके बनाए संविधान का सच्चा सम्मान करती है।”
इस जनसंपर्क अभियान में मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता दर्शन सिंह चावला, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष बॉबी गभेल, मंडल मंत्री उत्तम यादव और विकेश झा, पार्षद आरती सिंह (वार्ड 64), प्रेम साहू (वार्ड 65), शक्ति केंद्र संयोजक बालकृष्ण साहू और भोजेश्वर दास, पार्षद पति लखन सिंह, बूथ अध्यक्ष सोनू चौहान, करन बाई और रोहन गुप्ता सहित कई पार्टी कार्यकर्ता व स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अभियान ने समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित करने और उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित किया है।


