July 23, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

पार्थिव शरीर को दी गई अंतिम विदाई: आतंकी हमले में शहीद हुए दिनेश मिरानिया को नम आंखों से श्रद्धांजलि

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर, छत्तीसगढ़। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में शहीद हुए रायपुर निवासी श्री दिनेश मिरानिया के पार्थिव शरीर को आज उनके गृह नगर लाया गया, जहाँ भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ परिवार सहित जनसैलाब ने उन्हें अंतिम विदाई दी। नम आंखों और भारी मन से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

पार्थिव शरीर पर पुष्प चढ़ाकर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती किरण सिंहदेव, विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री गौरी शंकर अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, सह मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा सहित भाजपा के कई पदाधिकारियों ने शोक संवेदनाएं प्रकट कीं।

प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा, “श्री दिनेश मिरानिया जैसे वीरों की शहादत देश को सदैव प्रेरणा देती रहेगी। उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। हम सभी इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं।”

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “कायर आतंकियों ने जिस तरह निर्दोष पर्यटकों पर हमला किया, वह मानवता को शर्मसार करने वाला है। देश ऐसे अपराधियों को कभी माफ नहीं करेगा। एक भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”

श्री मिरानिया का अंतिम संस्कार पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी संगठनों सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की रस्में निभाई गईं।

ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करें।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.