July 22, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा में फिर गूंजेगा महिला फुटबॉल का जयघोष – मुख्यमंत्री कप के तहत होगी 44वीं सीनियर राष्ट्रीय महिला फुटबॉल चैंपियनशिप”

1 min read

 

  त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक बार फिर महिला फुटबॉल का राष्ट्रीय स्तर पर भव्य आयोजन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री कप कोरबा 2025 के अंतर्गत 44वीं सीनियर राष्ट्रीय महिला फुटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन 18 मई से 25 मई 2025 तक किया जाएगा। यह आयोजन घंटाघर, कोरबा स्थित ओपन थिएटर में रात्रिकालीन मैचों के रूप में आयोजित किया जाएगा, जो महिला खेलों को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

यह प्रतियोगिता भारतीय महिला फुटबॉल महासंघ, नई दिल्ली से मान्यता प्राप्त है और इसकी रूपरेखा छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल महासंघ की प्रदेश अध्यक्ष संजू देवी राजपूत के मार्गदर्शन में तैयार की जा रही है। इस चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों की महिला टीमें भाग लेंगी, जिनमें संभावित रूप से पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश, आंध्रप्रदेश, उड़ीसा, बिहार, महाराष्ट्र, झारखंड, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, तेलंगाना, गुजरात, अरुणाचल प्रदेश, कर्नाटक, असम और छत्तीसगढ़ शामिल हैं। सभी टीमों को उत्तम सुविधाएं और आदर-सत्कार प्रदान किया जाएगा।

अध्यक्ष संजू देवी राजपूत ने बताया कि यह आयोजन “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी खिलाओ” अभियान की भावना से प्रेरित है और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को साकार करने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है।

यह गौरवशाली चैंपियनशिप पहली बार वर्ष 1999-2000 में कोरबा में आयोजित की गई थी। इसके बाद 2005, 2007, 2011 और 2021-22 में इसका सफल आयोजन हुआ। अब यह छठी बार कोरबा में आयोजित की जा रही है, जिससे कोरबा को खेलों के मानचित्र पर फिर एक नई पहचान मिलेगी।

इस आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन एवं सार्वजनिक उपक्रमों का सहयोग सराहनीय रहा है। इस बार भी कोरबा महिला फुटबॉल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने के लिए पूरी तरह तैयार है। आयोजन की संचालन व्यवस्था की जिम्मेदारी महासंघ के प्रदेश सचिव साजी टी. जान को सौंपी गई है, जो संपूर्ण समन्वय और व्यवस्थाओं का नेतृत्व करेंगे।

हाल ही में छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल महासंघ द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति में आयोजन समिति के गठन का निर्णय लिया गया। यह समिति चैंपियनशिप से जुड़ी सभी तैयारियों और आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का कार्य करेगी।

यह आयोजन न केवल महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगा, बल्कि छत्तीसगढ़ राज्य को महिला खेलों के क्षेत्र में गौरव दिलाने का माध्यम भी बनेगा।

प्रवक्ता – दिब्येन्दु मृधा, छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल महासंघ

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.