“कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर भाजपा का पलटवार – छत्तीसगढ़, यूपी-बिहार का अपमान नहीं सहेगा: दाऊ अनुराग अग्रवाल”



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा दिए गए बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी दाऊ अनुराग अग्रवाल ने कहा कि बैज का यह कहना कि “छत्तीसगढ़ को उत्तर प्रदेश और बिहार जैसा अपराधग्रस्त राज्य नहीं बनने देंगे”, न केवल छत्तीसगढ़ और इसके नागरिकों का अपमान है, बल्कि उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे महत्वपूर्ण राज्यों और वहां के निवासियों का भी अपमान है।
दाऊ अनुराग अग्रवाल ने कहा कि दीपक बैज को यह अवश्य जानना चाहिए कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ और बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकारें कार्यरत हैं, जो अपराध के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कर रही हैं। यह वे राज्य हैं जहाँ पहले कांग्रेस के सहयोगियों – लालू प्रसाद यादव और मुलायम सिंह यादव – के शासन में अपराध चरम पर था, लेकिन आज वहां सुशासन का उदाहरण प्रस्तुत हो रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस शासनकाल में छत्तीसगढ़ में अपराध की ‘फ्रेंचाइजी’ चलती थी – चाहे वह शराब, कोयला, रेत, गोबर या सट्टा हो। कांग्रेस के शासन में भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या तक की गई। लेकिन भाजपा की सरकार आने के बाद छत्तीसगढ़ में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है और कई मामलों में कांग्रेस नेताओं की संलिप्तता भी सामने आई है।
दाऊ अनुराग अग्रवाल ने दावा किया कि दीपक बैज का यह बयान केवल प्रदेश अध्यक्ष पद पर अपनी पकड़ बनाए रखने की कोशिश है। कांग्रेस की यह मंशा कि छत्तीसगढ़ को एक अपराधग्रस्त राज्य बना दिया जाए, भाजपा सरकार में कभी पूरी नहीं हो सकती। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में सुशासन स्थापित हो रहा है, अपराधियों में भय है और जनता में विश्वास।
उन्होंने अंत में कहा कि आज छत्तीसगढ़ की जनता भाजपा सरकार से संतुष्ट है और राज्य अपराध मुक्त एवं खुशहाल भविष्य की ओर अग्रसर है।


