अस्थायी रूप से बंद रहेगा अंबेडकर स्टेडियम, बालको प्रबंधन ने आरंभ किया मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ बालको नगर स्थित अंबेडकर स्टेडियम को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। यह निर्णय वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) के प्रबंधन द्वारा लिया गया है। कंपनी ने स्टेडियम के व्यापक मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य की शुरुआत कर दी है।
स्टेडियम को और अधिक आकर्षक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से यह कार्य आरंभ किया गया है। मरम्मत कार्य की अनुमानित समयावधि फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। इस अवधि के दौरान स्टेडियम में किसी भी प्रकार की खेलकूद या अन्य सार्वजनिक गतिविधियाँ आयोजित नहीं की जाएँगी।
गौरतलब है कि अंबेडकर स्टेडियम बालकोनगर सहित कोरबा जिले के खिलाड़ियों के लिए एक प्रमुख अभ्यास स्थल रहा है। यहां विभिन्न खेलों के अभ्यास एवं आयोजन नियमित रूप से होते रहे हैं। बालको प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि वह इस स्थल को खिलाड़ियों के लिए और अधिक उपयोगी एवं आधुनिक स्वरूप प्रदान करने हेतु पूर्णतः कटिबद्ध है।
प्रबंधन द्वारा यह भी आश्वासन दिया गया है कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएंगे। मरम्मत अवधि के दौरान स्टेडियम पूर्णतः बंद रहेगा, और खिलाड़ियों व आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे असुविधा के लिए धैर्य रखें एवं सहयोग करें।
यह निर्णय खेलों के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।


