“आत्मनिर्भर भारत की राह पर खादी को नया आयाम – रायपुर खादी भंडार का निरीक्षण, पारदर्शिता और गुणवत्ता पर जोर”



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर, 22 अप्रैल 2025 – आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति प्रदान करते हुए रायपुर के शास्त्री बाजार स्थित खादी वस्त्र बिक्री भंडार एवं गाँधी भवन में स्थित खादी एम्पोरियम का निरीक्षण खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री राकेश पांडेय द्वारा किया गया। यह निरीक्षण खादी उत्पादों की गुणवत्ता, विक्रय प्रणाली की दक्षता और ग्राहकों की संतुष्टि की समीक्षा के उद्देश्य से किया गया।
निरीक्षण के दौरान श्री पांडेय ने खादी बिक्री केंद्रों पर उपलब्ध वस्त्रों की विविधता, गुणवत्ता एवं उनकी प्रस्तुतिकरण शैली की सराहना की। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रसीदें, ग्राहक फीडबैक रजिस्टर और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का सूक्ष्म परीक्षण किया तथा इन दस्तावेजों के संधारण में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।

श्री पांडेय ने कर्मचारियों एवं अधिकारियों से संवाद कर यह सुनिश्चित किया कि ग्राहकों को सर्वोत्तम सेवा मिले और स्वदेशी उत्पादों की उपलब्धता में निरंतर सुधार हो। उन्होंने कहा कि, “खादी सिर्फ एक कपड़ा नहीं, बल्कि यह आत्मनिर्भरता, स्वाभिमान और देश की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।” उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को और व्यापक स्तर पर प्रसारित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

निरीक्षण के अंत में श्री पांडेय ने समग्र व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया तथा कुछ आवश्यक सुधारों हेतु सुझाव भी दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि खादी वस्त्र बिक्री केंद्रों की व्यवस्था को और अधिक मजबूत और ग्राहकोन्मुख बनाने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत रहेगा।
खादी ग्रामोद्योग विभाग द्वारा की जा रही यह पहल ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में एक सशक्त कदम है, जो न केवल स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों को आर्थिक मजबूती भी प्रदान करेगा।


