March 4, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कांग्रेस में हार की जिम्मेदारी लेने से बच रहे बड़े नेता, जिला अध्यक्षों पर फोड़ा गया ठीकरा: भाजपा

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा रायपुर ****/  भारतीय जनता पार्टी के रायपुर संभाग प्रभारी और पूर्व विधायक सौरभ सिंह ने कांग्रेस संगठन में हो रहे बदलावों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपनी हार का ठीकरा 11 जिला अध्यक्षों पर फोड़ दिया, लेकिन पार्टी के शीर्ष नेता जिम्मेदारी लेने से बच रहे हैं। सिंह का कहना है कि कांग्रेस में जीत का श्रेय सभी लेते हैं, लेकिन हार का जिम्मा उठाने का नैतिक साहस किसी के पास नहीं है।

उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के बड़े नेता सिर्फ ‘गॉडफादर’ की परिक्रमा और एक परिवार की चाटुकारिता में लगे रहते हैं, जबकि जमीनी कार्यकर्ताओं के राजनीतिक करियर को दांव पर लगा दिया जाता है।


विधानसभा से लेकर पंचायत चुनाव तक कांग्रेस की दुर्दशा

सौरभ सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव से लेकर हाल ही में हुए नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों तक कांग्रेस की जो दुर्दशा हुई है, उसके लिए कार्यकर्ताओं ने खुले मंचों पर बड़े नेताओं को जिम्मेदार ठहराया था।

उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री रहते कांग्रेस सत्ता से बाहर हुई, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में पार्टी को विधानसभा, लोकसभा, रायपुर दक्षिण उपचुनाव, निकाय और पंचायत चुनावों में लगातार हार का सामना करना पड़ा।

भूपेश बघेल को कार्यकर्ताओं की नाराजगी का सामना करना पड़ा और वह खुद राजनांदगांव लोकसभा सीट से हार गए। उनके मंत्रियों को भी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा। सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस नेतृत्व को हार की असली वजह नहीं दिख रही और वे केवल जिला अध्यक्षों को बदलकर स्थिति सुधारने की कोशिश कर रहे हैं।


बड़े नेताओं की जिम्मेदारी कब तय होगी?

सौरभ सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को ‘स्लीपर सेल’ और ‘सत्ता-सुख भोगी’ कहकर अपमानित करने वाले बड़े नेताओं की जिम्मेदारी कब तय होगी?

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब तक खेल के नियमों की बारीकियों को नहीं समझेगी और अपनी रणनीति नहीं बदलेगी, तब तक सिर्फ खिलाड़ी बदलने से कोई फायदा नहीं होगा। कांग्रेस की सबसे बड़ी समस्या यही है कि वह अब भी लोकतंत्र की मूल भावना को नहीं समझ पाई है और राजतंत्र की तरह एक परिवार की चाटुकारिता में लिप्त है।


“जनता के हक पर डाका डालने से नहीं हट रही कांग्रेस”

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता के अधिकारों के लिए लड़ने की बजाय, उनके हक पर डाका डालने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस बार-बार उन्हीं असफल नेताओं और उम्मीदवारों पर दांव खेल रही है, जिन्होंने कई चुनावों में हार का सामना किया है। यही कारण है कि पार्टी की हार की कड़ी जारी है और जनता का उस पर से विश्वास खत्म हो रहा है।


“भ्रष्टाचार कांग्रेस की रग-रग में बसा है”

सौरभ सिंह ने कहा कि कांग्रेस का भ्रष्टाचार जनता से छुपा नहीं है और यही वजह है कि जनता अब इस पार्टी को गंभीरता से नहीं ले रही।

उन्होंने कहा कि चाहे कांग्रेस कितनी भी कोशिश कर ले, वह जनता का विश्वास दोबारा हासिल नहीं कर पाएगी, क्योंकि उसके एजेंडे में केवल दिखावटी वादे हैं, वास्तविक कल्याण नहीं।

भाजपा नेता के इस बयान के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल तेज हो गई है, और कांग्रेस के अंदरूनी समीकरणों पर चर्चा होने लगी है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.