जनपद पंचायत करतला कार्यालय में गणपति स्थापना और गंगाजल से पवित्रिकरण




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा करतला। जनपद पंचायत करतला कार्यालय में आध्यात्मिकता और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब विधि-विधान से भगवान गणपति की प्रतिमा स्थापित की गई और गंगाजल से कार्यालय परिसर का पवित्रिकरण किया गया। इस पावन आयोजन की अगुवाई जनपद अध्यक्ष अशोका बाई कंवर एवं उपाध्यक्ष मनोज झा ने की। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरे कार्यालय परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में जनपद कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। गणपति स्थापना के उपरांत भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भाग लिया। कार्यालय में सुख-समृद्धि और शांति की कामना के साथ सभी ने भगवान गणेश की आराधना की।
जनपद अध्यक्ष अशोका बाई कंवर ने इस अवसर पर कहा कि गणपति बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त होने से कार्यालय में कार्यरत सभी अधिकारी व कर्मचारी अधिक ऊर्जा और निष्ठा के साथ अपने कार्यों का संपादन कर सकेंगे। वहीं, उपाध्यक्ष मनोज झा ने कहा कि गंगाजल से शुद्धिकरण का मुख्य उद्देश्य नकारात्मक ऊर्जा को समाप्त कर सकारात्मकता का संचार करना है, जिससे कार्यालय में एक नई सकारात्मक शुरुआत हो सके।
इस आयोजन के माध्यम से जनपद पंचायत करतला कार्यालय में एक नए उमंग और श्रद्धा का संचार हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने गणपति बप्पा से सुख, समृद्धि और शांति की प्रार्थना की, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा व्याप्त हो गई।
