July 1, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के


त्रिनेत्र टाइम्स   कोरबा अंचल में संचालित कमला नेहरू महाविद्यालय की कैडेट निकिता साहू ने प्रथम छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी कोरबा का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मान बढ़ाया है। निकिता ने अखिल भारतीय थलसेना कैंप (एआईटीएससी) सफलतापूर्वक पूर्ण किया है। सैन्य गतिविधियों से संबंधित कठिन प्रशिक्षण वाले इस कैंप के सभी चरण पूरा करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है, जिसे हासिल कर लौटने पर निकिता का साथी एनसीसी कैडेट्स ने रेलवे स्टेशन में फूलमालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। निकिता कमला नेहरू महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं। निकिता के अलावा शासकीय आईवीपीजी कॉलेज के छात्र रोशन मिंज ने भी इस कैंप में सफलता प्राप्त कर कोरबा और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। स्टेशन में उनका भी अभिनंदन किया गया। रोशन ईवीपीजी कॉलेज में बीएससी अंतिम वर्ष के छात्र हैं। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स द्वारा निकिता और रोशन के लिए वेलकम पार्टी भी रखी गई थी। आयोजन में पूर्व सीनियर कैडेट्स भी शामिल हुए और इन प्रतिभावान कैडेट्स के अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में कैडेट्स को सम्मानित किया गया और उन्होंने अपने रोमांचक अनुभव सभी से साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.