कोरबा राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए मुक्त की जा रही ग्राम कोथारी की भूमि



* प्रक्रियाओं के अंतर्गत लोगों को दिया गया उचित मुआवजा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा से चांपा के बीच बनने वालेराष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 49बी का काम अब जोर पकड़ रहा है। प्रशासन के द्वारा संबंधित क्षेत्र की भूमि का अधिग्रहण कर लिया गया है। इस कड़ी में प्रभावित वर्ग को क्षतिपूर्ति देने के साथ अब भूमि मुक्त कराई जा रही है।
ग्राम उरगा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोथारी में भूमि को मुक्त करने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम ने प्रशासन के सहयोग से कार्यवाही की। दूसरे क्षेत्रों की तरह यहां भी सामान्य आपत्ति जताने वाले लोग सामने आए। नियमों के अंतर्गत नेशनल हाईवे की टीम के द्वारा तकनीकी संसाधनों के साथ उन परिसंपत्तियों को मौके से हटाने की कार्यवाही की गई जो नियम के तहत प्रशासन के द्वारा अर्जित की गई है, इस बारे में संबंधितों को पूर्व में जानकारी दी गई है।
थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि ऐसी सभी मामलों में प्रभावित पक्ष को मुआवजा का भुगतान नेशनल हाईवे अथॉरिटी की ओर से किया जा चुका है। ऐसी स्थिति में अपनी जमीन से हटना ही अंतिम विकल्प है। इसलिए बात लोगों की समझ में आ रही है और नवीन सडक़ के निर्माण को लेकर अपनी उसे जमीन को छोडऩे के लिए तैयार हो रहे हैं जो अर्जित हो चुकी है। इससे पहले बरपाली सहित कई गांव में भू-अर्जन और मुआवजा के सर्वेक्षण को लेकर कई प्रकार के आरोप लोगों के द्वारा लगाए जा रहे थे जिनका प्रशासन के द्वारा समाधान किया गया और आगे की कार्यवाही की गई।
कोरबा चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के लिए भारत सरकार ने मध्य प्रदेश के दिलीप बिल्डकॉन को कॉन्ट्रैक्ट दिया है, जिसके द्वारा इस दिशा में आगे की कार्यवाही द्रुत गति की जा रही है।

