कोरबा जिले के गोपालपुर ऑयल डिपो में पुलिस बल की तैनाती-सप्लाई जारी





त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा “हिट एंड रन” कानून के विरोध में देश भर में ट्रक चालकों ने चक्का जाम कर दिया है। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की इस हड़ताल के देश की सप्लाई चैन बुरी तरह से प्रभावित हुई है। जिसके चलते देश के कई राज्यों में तेल, दूध, सब्जी और जरूरी सामानों की किल्लत शुरू हो गई है।
इसी बीच कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि कोरबा पुलिस द्वारा गोपालपुर में ऑयल डिपो के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा लगाया गया है। जहां पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में बल तैनात है। पूरी पुलिस सुरक्षा के साथ जिले के अलावा राज्य के अन्य ज़िले के पेट्रोल पंप में डीज़ल, पेट्रोल व एजेंसियों तक रसोई गैस सप्लाई जारी है।
कोरबा जिले में भी हड़ताल होने से ट्रेलर, ट्रक व बसों के पहिए थम गए हैं। इससे उद्योगों के साथ ही यात्रियों पर भी प्रभाव पड़ रहा है। कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने नए कानून को लेकर फैले अफवाह से परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने पर वीडियो व संदेश जारी कर चालकों से काम पर लौटने अपील की।

