November 20, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

बवासीर और पेट संबंधी बीमारियों के प्रति लोगों को किया जागरूक, नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताए बचाव और उपचार के उपाय

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। विश्व अर्श दिवस (वर्ल्ड पाइल्स डे) के अवसर पर स्वस्थ भारत-समृद्ध भारत अभियान के अंतर्गत ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत कोरबा में निःशुल्क आयुर्वेद-योग एवं चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। 20 नवंबर 2026 को पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड में आयोजित इस शिविर में अंचल के लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ लिया।

शिविर में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध एवं अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए अर्श (बवासीर), भगंदर, कब्ज, अम्लपित्त सहित विभिन्न उदर रोगों के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज की अनियमित जीवनशैली, असंतुलित खानपान, अत्यधिक तला-भुना एवं मिर्च-मसालेदार भोजन तथा लंबे समय तक कब्ज बने रहना अर्श की समस्या के प्रमुख कारणों में शामिल हैं।

डॉ. शर्मा ने कहा कि अर्श की शुरुआती अवस्था में मल त्याग के दौरान दर्द, जलन, खुजली और रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कई बार लोग संकोच और झिझक के कारण इन समस्याओं को छिपाते रहते हैं अथवा समय पर चिकित्सकीय सलाह नहीं लेते। यही लापरवाही बीमारी को गंभीर बना सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय रहते योग्य चिकित्सक से परामर्श लेकर उचित उपचार कराएं।

 

 

उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली पर जोर देते हुए कहा कि संतुलित एवं संयमित आहार-विहार, नियमित दिनचर्या, पर्याप्त पानी का सेवन और कब्ज से बचाव पर विशेष ध्यान देना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय परामर्श एवं उचित उपचार से बीमारी को नियंत्रित करने और उससे राहत पाने में मदद मिल सकती है।

शिविर की विशेष पहल के अंतर्गत लोगों के लिए हीमोग्लोबिन, रक्तचाप एवं रक्त शर्करा की जांच पूरी तरह निःशुल्क की गई। इसके साथ ही अर्श, भगंदर, कब्ज, अम्लपित्त एवं विभिन्न उदर संबंधी समस्याओं के लिए उपयोगी बताए गए ‘अर्श हर क्वाथ’ का भी निःशुल्क वितरण एवं सेवन कराया गया। इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम में श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा, नेत्रनन्दन साहू, अश्वनी बुनकर, कमल धारिया, कुश गुप्ता, मनीष कौशिक, कविरंजन दास, देवबली कुंभकार, सिद्धराम शाहनी, अनुराग कँवर, गुनगुन राठिया, पंचकर्म तकनीशियन पिंकी बरेठ एवं शैल कुमारी निषाद ने उपस्थित रहकर शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

विश्व अर्श दिवस के अवसर पर आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर ने लोगों को अर्श सहित पेट संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूक करने, समय पर जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.