भैसमा स्कूल में नुक्कड़ नाटक से गूंजा ‘सेवा संकल्प’ का संदेश, योजनाओं की जानकारी ने छात्रों को किया जागरूक
1 min read



स्वच्छता से आयुष्मान तक—नुक्कड़ नाटक के जरिए विद्यार्थियों ने जनकल्याणकारी योजनाओं को जीवंत मंच पर उतारा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// भैसमा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैसमा में ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुति के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके उद्देश्यों को सरल एवं रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। स्वच्छता अभियान, आयुष्मान कार्ड, मुद्रा ऋण, जनधन खाता सहित विभिन्न योजनाओं को नाटक के माध्यम से प्रदर्शित कर विद्यार्थियों ने उपस्थित लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा अजजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कुलसिंह कंवर ने अपने उद्बोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सेवा, जनजागरूकता और समाजहित से जुड़े कार्यों के माध्यम से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नुक्कड़ नाटक में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया।
भाजपा मंडल अध्यक्ष किशन साव ने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प से प्रेरणा लेते हुए विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में किसी उद्देश्य को लेकर संकल्प करने के बाद उसे सिद्धि तक पहुंचाने के लिए न रुकने और न थकने का भाव जरूरी है।
विद्यालय के प्राचार्य सी.एल. सारथी ने अतिथियों के उद्बोधन एवं विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, रचनात्मकता और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्रों से कार्यक्रम में मिले संदेश को अपने जीवन में उतारने की बात कही।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा जिला मंत्री सलजा रंगारी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष भुवनेश्वरी कंवर, अजा मोर्चा मंडल अध्यक्ष चुन्नीलाल पाटील, भूतपूर्व जनपद अध्यक्ष सरमन सिंह कंवर, एसएमडीसी अध्यक्ष संतोष साहू, एपीसी समग्र शिक्षा चंद्रेश दुबे, तय्यब खान, गजेन्द्र वैष्णव, रविन्द्र सोनी, दिलीप कौशिक, सौरभ कौशिक, नुक्कड़ नाटक प्रशिक्षक डी.पी. सोनी, वरिष्ठ व्याख्याता रमेश कुमार चंद्रा सहित विद्यालय परिवार, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सुनील डहरिया ने किया।







