October 3, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**//  करतला। सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत कराईनारा में आयोजित “सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार” शिविर ग्रामीणों के लिए योजनाओं, समस्याओं के समाधान और जनसेवा की पहल का प्रभावी मंच बना। शिविर में जनपद पंचायत करतला के उपाध्यक्ष मनोज कुमार झा ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए एक ओर ग्रामीणों को बिजली की बचत और ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक किया, वहीं दूसरी ओर कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार देने की घोषणा की।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कराईनारा में आयोजित शिविर का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान मनोज झा ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि बिजली का उपयोग आवश्यकता के अनुसार और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। अनावश्यक विद्युत खपत को रोककर ऊर्जा की बचत की जा सकती है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

 

 

शिक्षा को प्रोत्साहन देने की दिशा में मनोज झा की घोषणा शिविर का प्रमुख आकर्षण रही। उन्होंने जनपद क्षेत्र के कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने की बात कही। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ाने और बेहतर परिणाम के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।
शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से जुड़े 276 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 38 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई की।
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के छह हितग्राहियों को आवास की चाबियां, राजस्व विभाग की ओर से 10 हितग्राहियों को आवासीय पट्टे तथा पांच हितग्राहियों को डिजिटल किसान किताब प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चार हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड दिए गए, जबकि शिक्षा विभाग की ओर से 42 छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा छह नवप्रसूता महिलाओं के शिशुओं का अन्नप्राशन भी कराया गया।
सेवा और जिम्मेदारी के क्षेत्र में योगदान देने वाले कर्मियों का भी सम्मान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के 12 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं तथा स्वास्थ्य विभाग की नौ मितानिनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अशोक बाई कंवर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मनोज कुमार झा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत करतला वैभव कुमार कौशिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.