जांजगीर सम्मेलन के लिए कोरबा से निकला भाजपा का दमदार काफिला
1 min read



जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी और रायपुर संगठन सह-प्रभारी डॉ. राजीव सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। जांजगीर में आयोजित संभाग स्तरीय प्रबुद्ध जन सम्मेलन को लेकर भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा, जिला कोरबा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। गुरुवार को गौमाता चौक, सीतामढ़ी, कोरबा से भाजपा के जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मंडल महामंत्रियों एवं कार्यकर्ताओं का विशाल काफिला जांजगीर के लिए रवाना हुआ।

भाजपा जिला कोरबा के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी एवं रायपुर संगठन सह-प्रभारी डॉ. राजीव सिंह ने संयुक्त रूप से कार्यकर्ताओं के काफिले को रवाना किया। इस दौरान भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ताओं में सम्मेलन को लेकर खासा उत्साह और जोश दिखाई दिया।
गौमाता चौक पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। निर्धारित समय पर बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकत्रित हुए और इसके बाद सभी वाहनों के साथ सामूहिक रूप से जांजगीर के लिए प्रस्थान किया गया। कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता ने पूरे माहौल को जोशीला बना दिया।

जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा का संगठन अपने अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ताओं की शक्ति से लगातार मजबूत हो रहा है। ऐसे संभाग स्तरीय आयोजन कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देने के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को गति प्रदान करते हैं।
वहीं रायपुर संगठन सह-प्रभारी डॉ. राजीव सिंह ने कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में पूरी सक्रियता के साथ सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रबुद्ध जनों के साथ संवाद और विचार-विमर्श समाज एवं संगठन के लिए महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला कोरबा के जिलाध्यक्ष डॉ. विजय राठौर, महामंत्री अजय कुमार चंद्रा एवं रामेश्वर सोनी सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गौमाता चौक से जांजगीर की ओर बढ़ता भाजपा कार्यकर्ताओं का यह काफिला संगठन की एकजुटता, अनुशासन और उत्साह का जीवंत संदेश देता नजर आया।







