भाजपा के डिजिटल अभियान को मिलेगी नई धार, दीपक म्हस्के ने संभाली सोशल मीडिया राष्ट्रीय संयोजक की कमान
1 min read



राष्ट्रीय मुख्यालय में नई टीम ने संभाला दायित्व, संगठन की विचारधारा और मोदी सरकार की योजनाओं को डिजिटल माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** नई दिल्ली/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया विभाग में नई जिम्मेदारियों के साथ डिजिटल संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बुधवार को पार्टी मुख्यालय में नवनियुक्त राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक दीपक म्हस्के ने विधिवत अपना पदभार ग्रहण किया। उनके साथ नवनियुक्त राष्ट्रीय सह-संयोजकों प्रीति गांधी, शिवानन्द द्विवेदी, आलोक भट्ट एवं अरुण यादव ने भी अपनी जिम्मेदारियां संभालीं।

पदभार ग्रहण के अवसर पर नई टीम ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में सोशल मीडिया संगठन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन चुका है। भाजपा की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, संगठनात्मक गतिविधियों और विचारधारा को प्रभावी एवं सकारात्मक संवाद के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
“मजबूत डिजिटल विरासत को आगे बढ़ाना सम्मान भी और जिम्मेदारी भी”
पदभार संभालने के बाद दीपक म्हस्के ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने निवर्तमान सोशल मीडिया संयोजक अमित मालवीय के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक परिश्रम और नेतृत्व ने भाजपा की डिजिटल उपस्थिति को मजबूत आधार और नई पहचान दी है।
श्री म्हस्के ने कहा कि इस मजबूत डिजिटल विरासत को आगे बढ़ाना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। नई तकनीक, आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म और बदलती संवाद शैली के अनुरूप भाजपा के विचार, सरकार के कार्यों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को अधिक प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
उन्होंने संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्व को पूरी निष्ठा, समर्पण और परिश्रम के साथ निभाने का संकल्प व्यक्त किया तथा पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और सोशल मीडिया टीम से निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन की अपेक्षा जताई।
नई टीम के पदभार ग्रहण के साथ भाजपा के सोशल मीडिया विभाग में संगठनात्मक सक्रियता और डिजिटल संवाद को नई गति मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और नवनियुक्त पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।







