August 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

 

सोलर इंस्टॉलर से लेकर सिक्यूरिटी गार्ड तक छह ट्रेड में प्रशिक्षण का अवसर, कोरबा जिले में 860 सीटें निर्धारित
त्रिनेत्र टाइम्स न्यूज कोरबा **//**//**   प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के अंतर्गत पूर्व शिक्षण की मान्यता (Recognition of Prior Learning-RPL) के लिए जिला लाइवलीहुड कॉलेज, कोरबा में 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस योजना के माध्यम से ऐसे व्यक्तियों को अपने पूर्व अनुभव और हुनर को औपचारिक रूप से प्रमाणित कराने का अवसर मिलेगा, जो संबंधित व्यवसाय में पहले से कुशल हैं अथवा कार्यरत हैं।
प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य कार्य के दौरान अर्जित कौशल को पहचान प्रदान करना, हितग्राहियों के कौशल का मूल्यांकन कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर मान्य प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराना तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को और मजबूत करना है।
छह ट्रेड में 860 सीटों पर मिलेगा प्रशिक्षण
जिला लाइवलीहुड कॉलेज कोरबा में विभिन्न व्यवसायों के लिए कुल 860 सीटें निर्धारित की गई हैं। इनमें—
सोलर इंस्टॉलर (सूर्यमित्र) — 150 सीट
असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन — 150 सीट
जनरल ड्यूटी असिस्टेंट — 120 सीट
जल वितरण संचालक (नल जल मित्र) — 180 सीट
असिस्टेंट मेसन — 120 सीट
सिक्यूरिटी गार्ड — 120 सीट
शामिल हैं।
प्रत्येक ट्रेड में प्रशिक्षण की अवधि 5 दिवस अर्थात कुल 30 घंटे होगी। प्रशिक्षण के दौरान संबंधित व्यवसाय से जुड़ी सामान्य जानकारी, आवश्यक कौशल एवं कार्यप्रणाली से प्रतिभागियों को अवगत कराया जाएगा।
तृतीय पक्ष मूल्यांकन के बाद मिलेगा प्रमाण-पत्र
प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात संबंधित अभ्यर्थियों का राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) द्वारा तृतीय पक्ष मूल्यांकन कराया जाएगा। मूल्यांकन के आधार पर पात्र अभ्यर्थियों को संबंधित कोर्स का प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। इससे पहले से कार्यरत एवं अनुभवी व्यक्तियों को अपने कौशल की औपचारिक पहचान प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
15 से 59 वर्ष तक के व्यक्ति कर सकते हैं आवेदन
प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 15 से 59 वर्ष निर्धारित की गई है। संबंधित व्यवसाय में पूर्व अनुभव अथवा कार्य-कौशल रखने वाले इच्छुक व्यक्ति इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
प्रशिक्षण में 100 प्रतिशत आधार आधारित फेस उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है। इसलिए प्रशिक्षण में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया एवं उपस्थिति संबंधी नियमों का पालन करना होगा।
कौशल को प्रमाण-पत्र से मिलेगी नई पहचान
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के तहत पूर्व शिक्षण की मान्यता कार्यक्रम उन लोगों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है, जिन्होंने किसी व्यवसाय का कौशल औपचारिक प्रशिक्षण संस्थान से नहीं बल्कि अपने कार्य एवं अनुभव के माध्यम से सीखा है। ऐसे व्यक्तियों को अपने कौशल का मूल्यांकन कराकर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इच्छुक अभ्यर्थी प्रशिक्षण एवं आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9589583878 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला लाइवलीहुड कॉलेज द्वारा इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने की अपील की गई है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.