August 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

विधायक अमर अग्रवाल ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज, भव्य परेड की ली सलामी; शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान, उत्कृष्ट कर्मियों और विजेता दलों को मिला सम्मान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा, 15 अगस्त 2026। देशभक्ति, राष्ट्रगौरव और उत्साह से सराबोर वातावरण में कोरबा जिले में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय एवं भव्य रूप से मनाया गया। सीएसईबी कोरबा (पूर्व) के फुटबॉल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल ने प्रातः 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। तिरंगे के सम्मान में हजारों नागरिकों की मौजूदगी ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की।
ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति हुई। सुरक्षा बलों द्वारा हर्ष फायर किया गया। इसके बाद छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना, वन रक्षक तथा स्काउट-गाइड के विभिन्न दलों ने अनुशासन, साहस और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। परेड कमांडरों ने मुख्य अतिथि के समक्ष परेड रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसके बाद श्री अमर अग्रवाल ने परेड का निरीक्षण किया।

 

 

 

इस अवसर पर उनके साथ कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने विविधता में एकता और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश देते हुए आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े।
देशभक्ति से सराबोर हुआ सांस्कृतिक मंच
मुख्य समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और भारतीय संस्कृति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भावनात्मक एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में दिव्य ज्योति विशेष स्कूल डिंगापुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कोरबा द्वितीय तथा निर्मला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम), रिस्दी रामपुर कोरबा तृतीय स्थान पर रहा। न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल एवं सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुधवारी, कोरबा को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान
समारोह का सबसे भावुक और गौरवपूर्ण क्षण वह रहा, जब कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए जवानों के परिजनों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। शहीद परिवारों के सम्मान के दौरान समारोह स्थल पर मौजूद लोगों ने राष्ट्र के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
परेड में CISF ने मारी बाजी
परेड के प्रोफेशनल वर्ग में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने प्रथम स्थान हासिल किया। जिला पुलिस बल महिला ने द्वितीय तथा नगर सेना महिला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल पुरुष, नगर सेना पुरुष एवं वन रक्षक टीम को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
नॉन-प्रोफेशनल जूनियर वर्ग में एनसीसी जूनियर डिवीजन बालिका प्रथम, गाइड दल सीनियर डिवीजन बालिका द्वितीय तथा एनसीसी सीनियर डिवीजन बालक तृतीय स्थान पर रहा। स्काउट दल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिले के विभिन्न शासकीय विभागों में उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय कर्तव्य निर्वहन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसमें कलेक्टर कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

 

 

 

मुख्य अतिथि श्री अमर अग्रवाल ने पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों की सेवाओं की सराहना की और जनसेवा के क्षेत्र में इसी प्रकार समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री के संदेश का हुआ वाचन
मुख्य अतिथि विधायक श्री अमर अग्रवाल ने समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया। संदेश के माध्यम से प्रदेश के विकास, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धताओं को सामने रखा गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

 

 

मुख्य समारोह में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, सहायक कलेक्टर श्री इशांत जायसवाल, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, पार्षद, गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।
पूरे समारोह के दौरान तिरंगे की आन-बान-शान, जवानों का अनुशासन, विद्यार्थियों की देशभक्ति प्रस्तुतियां और शहीद परिवारों का सम्मान—इन सभी ने कोरबा के स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया। राष्ट्रगान के साथ समारोह में उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

More Stories

1 min read

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

1 min read
Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.