August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  रायपुर। महतारी वंदन योजना के दायरे को और व्यापक करने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने संवेदनशील पहल शुरू की है। अब 40 वर्ष से अधिक आयु की अविवाहित महिलाओं को भी योजना से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। राज्य में प्रारंभिक गणना के अनुसार करीब 65 हजार महिलाएं संभावित रूप से इस दायरे में आएंगी, जिसके लिए लगभग 78 करोड़ रुपये वार्षिक का प्रावधान प्रस्तावित है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती शताब्दी पाण्डे ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार की प्राथमिकता केवल योजना चलाना नहीं, बल्कि उन महिलाओं तक भी आर्थिक सुरक्षा पहुंचाना है, जो लंबे समय से किसी न किसी कारणवश सरकारी सहायता के दायरे से बाहर रही हैं। उन्होंने कहा कि 40 वर्ष से अधिक आयु की अविवाहित महिलाओं को महतारी वंदन योजना से जोड़ने की पहल विशेष रूप से दूरस्थ और आदिवासी अंचलों की महिलाओं के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनेगी।
श्रीमती पाण्डे ने कहा कि महतारी वंदन योजना की 30वीं किश्त का भुगतान महिला सशक्तीकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है, जिसका उपयोग वे अपनी आवश्यकताओं, परिवार की जरूरतों तथा सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण के लिए कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत से अब तक 29 किश्तों में प्रदेश की महिलाओं को 18,813 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। 5 अगस्त को 30वीं किश्त के रूप में ई-केवाईसी पूर्ण कर चुकीं 67,20,125 हितग्राही महिलाओं को डीबीटी के माध्यम से 630.55 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई। इसके साथ योजना के तहत अब तक भुगतान का कुल आंकड़ा 19,444.33 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सरकार की योजनाओं में पारदर्शिता और पात्र हितग्राहियों तक सीधे लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर है। लक्षित हितग्राहियों में लगभग 98 प्रतिशत महिलाओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना अब केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि प्रदेश की माताओं-बहनों के आत्मविश्वास, स्वावलम्बन और सम्मान को मजबूत करने का प्रभावी आधार बन रही है।
श्रीमती पाण्डे ने कहा कि 40 वर्ष से अधिक आयु की अविवाहित महिलाओं को योजना से जोड़ने की पहल इस बात का स्पष्ट संदेश है कि भाजपा सरकार की योजनाओं में महिला कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और कोई भी पात्र महिला सरकारी सुरक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सरकार लगातार दायरा बढ़ा रही है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.