August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक का तीखा हमला—कुर्सी की लड़ाई में जनसेवा और संगठन दोनों हाशिए पर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने कांग्रेस में जारी आंतरिक खींचतान, गुटबाजी और नेतृत्व संकट को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज वैचारिक संघर्ष या जनहित के मुद्दों की पार्टी नहीं रह गई है, बल्कि अलग-अलग गुटों के वर्चस्व और कुर्सी की लड़ाई में उलझकर अपने ही संगठन को कमजोर कर रही है।
उज्ज्वल दीपक ने कहा कि छत्तीसगढ़ युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद की चुनावी प्रक्रिया ने कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी को खुले मंच पर ला दिया है। एक नाम पर सहमति बनाने की कोशिश विफल होना और विभिन्न दावेदारों व गुटों के बीच बढ़ती खींचतान इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस में नेतृत्व और आपसी विश्वास का संकट गहरा चुका है। चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों और युवा नेताओं की नाराजगी ने संगठन के कथित आंतरिक लोकतंत्र पर भी गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अपने-अपने प्रभाव क्षेत्र और समर्थकों को मजबूत करने में जुटे हैं। प्रदेश नेतृत्व से लेकर युवा संगठन तक हर स्तर पर आपसी खींचतान दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि जिस संगठन को जनता की आवाज बनना चाहिए, उसके नेता ही एक-दूसरे को पछाड़ने में अपनी ऊर्जा लगा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई के विरोध में किए जा रहे प्रदर्शनों में भी पार्टी की अंदरूनी कमजोरी साफ दिखाई दे रही है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनहित के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाकर राजनीतिक प्रदर्शन तक सीमित होती जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कांग्रेस अपने ही संगठन को एकजुट नहीं रख पा रही है, तो वह प्रदेश की जनता के सामने मजबूत नेतृत्व का दावा किस आधार पर कर रही है?
उज्ज्वल दीपक ने कहा कि कांग्रेस की वर्तमान स्थिति उसके कार्यकर्ताओं के लिए भी चिंता का विषय है। लगातार सामने आ रही गुटबाजी, आरोप-प्रत्यारोप और नेतृत्व को लेकर असमंजस ने संगठन की जमीनी पकड़ को प्रभावित किया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के इस आंतरिक संघर्ष को देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस पार्टी में संगठन से बड़ा गुट, विचारधारा से बड़ी कुर्सी और जनसेवा से बड़ा व्यक्तिगत वर्चस्व हो जाए, उसका कमजोर होना तय है। उन्होंने कांग्रेस से आत्ममंथन करने और पहले अपना घर संभालने की नसीहत दी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.