July 20, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कटघोरा को मिलेगी बेहतर बिजली व्यवस्था! नवीन विद्युत जोन की मांग को लेकर विधायक प्रेमचंद पटेल ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कटघोरा। कटघोरा विधानसभा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधायक प्रेमचंद पटेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर कटघोरा में नवीन विद्युत जोन की स्थापना की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में बताया कि कटघोरा नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही आबादी, विद्युत उपभोक्ताओं की संख्या तथा औद्योगिक गतिविधियों के कारण वर्तमान विद्युत व्यवस्था पर अत्यधिक दबाव है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर 21 हजार से अधिक विद्युत उपभोक्ता तथा 150 से अधिक औद्योगिक कनेक्शन होने के बावजूद सीमित संसाधनों और कम कर्मचारियों के कारण उपभोक्ताओं को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में कटघोरा और कसनिया स्थित विद्युत उपकेंद्रों से संचालित फीडरों की लंबाई अधिक होने तथा एक साथ फॉल्ट आने की स्थिति में मरम्मत कार्य प्रभावित होता है। ऐसे में नवीन विद्युत जोन की स्थापना से सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंताओं एवं आवश्यक कर्मचारियों की नियुक्ति कर विद्युत सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
विधायक प्रतिनिधि अमित जायसवाल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के लिए अलग से कनिष्ठ अभियंता की नियुक्ति होने से उद्योगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे स्थानीय रोजगार भी प्रभावित नहीं होगा। वहीं, वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद अजय गर्ग ने कसनिया क्षेत्र में अलग जेई कार्यालय स्थापित किए जाने को स्थानीय उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत बताया।
विधायक प्रेमचंद पटेल ने मुख्यमंत्री से कटघोरा, डुड़गा, जेन्जरा, धवंईपुर सहित आसपास के क्षेत्रों को शामिल करते हुए नवीन विद्युत जोन की स्थापना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से विद्युत शिकायतों का त्वरित निराकरण होगा और हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर एवं सुचारु विद्युत सेवाओं का लाभ मिलेगा।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.