“हरित कोरबा की ओर बढ़े हजारों कदम : मैराथन दौड़ और वृहद पौधरोपण से गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प”



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन कोरबा द्वारा आयोजित मैराथन दौड़ और वृहद पौधरोपण कार्यक्रम ने शहरवासियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई चेतना का संचार किया। शहर की सड़कों पर जब 1500 से अधिक प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए दौड़ लगाई, तो पूरा कोरबा हरियाली और जनजागरूकता के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं तथा आम नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।

मैराथन दौड़ का शुभारंभ महापौर श्रीमती संजु देवी राजपूत ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी प्रतिभागियों के साथ दौड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। घंटाघर चौक से प्रारंभ हुई यह मैराथन साकेत मार्ग से होकर पुनः घंटाघर चौक पहुंची। दौड़ में युवाओं, तरुणों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं छात्राओं के साथ-साथ शहर के डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, व्यापारी एवं विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मैराथन के दौरान साकेत स्थित स्वागत एवं सेवा स्टॉल पर चेम्बर ऑफ कॉमर्स, कोरबा द्वारा प्रतिभागियों के लिए पानी की बोतल, बिस्कुट एवं च्यूइंगम की व्यवस्था की गई। व्यापारिक संगठन की इस सराहनीय पहल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और कार्यक्रम को जनसहभागिता का एक उत्कृष्ट उदाहरण बना दिया।
मैराथन दौड़ के पश्चात मिनीमाता शासकीय कन्या महाविद्यालय परिसर एवं शहर के विभिन्न डिवाइडरों में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं समाजसेवियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा नागरिकों से अधिक से अधिक पौधरोपण कर उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में चेम्बर ऑफ कॉमर्स, कोरबा के अध्यक्ष योगेश जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, उपाध्यक्ष दिनेश राठौर, मुकेश गोयल, नरेश अग्रवाल, रोटरी क्लब के अध्यक्ष सतनाम मल्होत्रा, मनीष अग्रवाल, पारस जैन, नितिन चतुर्वेदी, निकेश अग्रवाल, उमेश राठौर, विनोद जालान, शुभम लाम्बा, निगम अधिकारी विनोद गौड़, आकाश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में युवा व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस प्रेरणादायी कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि यदि समाज और प्रशासन मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें, तो हरित और स्वच्छ भविष्य का निर्माण संभव है। कोरबा ने एक बार फिर सामूहिक सहभागिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जागरूकता और प्रतिबद्धता का सशक्त परिचय दिया।


