महिला का भेष धारण कर दिनदहाड़े ज्वेलर्स दुकान में डकैती की साजिश रचने वाला तीसरा आरोपी कर्नाटक से गिरफ्तार



जेल में बनी दोस्ती बनी डकैती की वजह, तीनों आरोपियों ने मिलकर बनाई थी लूट की योजना; कोरबा पुलिस की विशेष टीम ने फरार आरोपी को दबोचा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। छुरी स्थित ज्वेलर्स दुकान में महिला का भेष धारण कर दिनदहाड़े डकैती का प्रयास करने वाले फरार तीसरे आरोपी को आखिरकार कोरबा पुलिस ने कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले कई दिनों से गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना ठिकाना बदल रहा था और कर्नाटक के एक औद्योगिक क्षेत्र में छिपकर काम कर रहा था। पुलिस की साइबर सेल और विशेष टीम की सतर्कता के चलते आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे छुरी स्थित ज्वेलर्स दुकान में तीन बदमाश ग्राहक बनकर पहुंचे थे। तीनों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर गमछा बांध रखा था, जिनमें से एक आरोपी महिला के वेश में था। आरोपियों ने पहले चांदी की अंगूठियां दिखाने के बहाने दुकानदार को अपने झांसे में लिया और फिर कट्टा दिखाकर लूटपाट का प्रयास किया। इस दौरान दुकानदार के साथ मारपीट और छीना-झपटी भी हुई।
घटना के दौरान जब बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी तो तीनों आरोपी कट्टा, मिर्ची पाउडर, चप्पल और अन्य सामान मौके पर छोड़कर फरार हो गए। इस साहसिक घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले तथा नितीश ठाकुर के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं तीसरे आरोपी विष्णु राठिया की तलाश लगातार जारी थी।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी पूर्व में जेल में बंद रह चुके थे, जहां उनकी आपस में दोस्ती हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से ज्वेलर्स दुकान में डकैती की पूरी साजिश रची। महिला का भेष धारण करने का उद्देश्य पुलिस और दुकानदार को भ्रमित कर वारदात को आसानी से अंजाम देना था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश ठाकुर ने प्रेस वार्ता में बताया कि फरार आरोपी विष्णु राठिया गिरफ्तारी से बचने के लिए कर्नाटक के श्री सत्य साईं जिले के हिंदुपुरम औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में काम कर रहा था। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस टीम ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस ने डकैती से संबंधित लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड के बाद कोरबा लाया गया है, जहां उससे इस वारदात में शामिल अन्य संभावित लोगों और उसके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और संगठित अपराध तथा डकैती जैसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। महिला का भेष धारण कर दिनदहाड़े डकैती की इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश पुलिस की सक्रिय और तकनीकी जांच का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।


