July 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“कोरबा में जुटेंगे आयुष चिकित्सक, गुदरोग के आयुर्वेदिक उपचार पर होगा मंथन; 19 जुलाई को विशेष चिकित्सक सम्मेलन आयोजित”

 

अर्श और भगंदर जैसे जटिल गुदरोगों के कारण, निदान एवं आधुनिक आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों पर विशेषज्ञ करेंगे चर्चा, चिकित्सकों के अनुभव भी होंगे साझा।

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**कोरबा। आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के माध्यम से गुदरोगों के प्रभावी एवं वैज्ञानिक उपचार को लेकर जिले के आयुष चिकित्सकों का एक विशेष सम्मेलन आगामी 19 जुलाई 2026, रविवार को आयोजित किया जा रहा है। आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा एवं हिमालया फार्मा जिल डिवीजन, बैंगलोर के संयुक्त तत्वावधान में यह विशेष “संभाषा परिषद” होटल टॉप इन टाउन, कोरबा में मध्यान्ह 1 बजे से प्रारंभ होगी।
सम्मेलन में अर्श (पाइल्स) एवं भगंदर (फिस्टुला) जैसे गुदरोगों के कारण, उनके प्रारंभिक लक्षण, आयुर्वेदानुसार निदान तथा उपचार की प्रभावी विधियों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही आयुष चिकित्सक अपने व्यावहारिक अनुभवों को साझा करते हुए रोगियों को बेहतर एवं समग्र चिकित्सा प्रदान करने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करेंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में कार्यरत चिकित्सकों को नवीन चिकित्सकीय जानकारियों एवं उपचार पद्धतियों से अवगत कराना तथा गुदरोगों के उपचार में आयुर्वेद की उपयोगिता को और अधिक प्रभावी बनाना है। संभाषा परिषद के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों के बीच ज्ञान और अनुभवों का आदान-प्रदान भी किया जाएगा।
इस अवसर पर हिमालया फार्मा जिल डिवीजन, बैंगलोर के रीजनल मैनेजर आनंद पाण्डेय एवं सेल्स ऑफिसर चक्रपाणि पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। वहीं, आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा के सभी पदाधिकारी एवं जिले के बी.ए.एम.एस. चिकित्सक सम्मेलन में सहभागिता करेंगे।
आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा के जिलाध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने जिले के सभी आयुष चिकित्सकों से इस महत्वपूर्ण चिकित्सक सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गुदरोगों के आयुर्वेदिक उपचार संबंधी नवीन एवं उपयोगी जानकारियों का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय विमर्श चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.