July 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“आस्था के महापर्व को निगम का संबल: महापौर संजूदेवी राजपूत ने जगन्नाथ रथयात्रा के लिए दी 3 लाख रुपये की सहयोग राशि”

 

 

दादरखुर्द की ऐतिहासिक रथयात्रा को मिलेगा और भव्य स्वरूप, महापौर की पहल पर सहयोग राशि में 50 प्रतिशत की वृद्धि
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा, 15 जुलाई 2026। भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक एवं भव्य रथयात्रा के आयोजन को लेकर नगर पालिक निगम कोरबा ने अपनी धार्मिक और सामाजिक प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया है। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने दादरखुर्द में आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के लिए दादरखुर्द ग्राम विकास समिति को 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों को आरटीजीएस की प्रति सौंपते हुए सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
नगर निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन स्थित अपने कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महापौर ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और जनआस्था का प्रतीक है। हजारों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस आयोजन में निगम की सहभागिता समाज और संस्कृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का निर्वहन है।
गौरतलब है कि नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र के दादरखुर्द में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का आयोजन वर्षों से अत्यंत श्रद्धा और भव्यता के साथ किया जाता रहा है। इस आयोजन में कोरबा सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु शामिल होकर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं। इस वर्ष 16 जुलाई को आयोजित होने वाली रथयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की पहल पर इस वर्ष निगम द्वारा दी जाने वाली सहयोग राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। पूर्व वर्षों में निगम द्वारा 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती थी, जिसे महापौर की अनुशंसा पर मेयर-इन-काउंसिल एवं निगम की साधारण सभा की स्वीकृति के बाद बढ़ाकर 3 लाख रुपये कर दिया गया है। इससे आयोजन समिति को रथयात्रा को और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने में सहायता मिलेगी।
दादरखुर्द ग्राम विकास समिति के पदाधिकारियों ने महापौर एवं नगर निगम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निगम के सहयोग से धार्मिक आयोजन की गरिमा और भव्यता में निश्चित रूप से वृद्धि होगी। समिति ने विश्वास जताया कि इस वर्ष की रथयात्रा पूर्व वर्षों की तुलना में अधिक दिव्य और आकर्षक होगी।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष कृष्णकुमार द्विवेदी, आरिफ खान, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, संतोष थवाईत, नरेशराम पटेल, सबितराम पटेल, रामनाथ पटेल, शत्रुघ्न पटेल, राजकुमार पटेल, सूरज पटेल, नागेश्वर चंद्रा सहित समिति के अन्य सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को लेकर दादरखुर्द में तैयारियां अंतिम चरण में हैं और नगरवासियों के बीच इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर उत्साह चरम पर है। निगम के आर्थिक सहयोग ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगाने का कार्य किया है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.