कोरबा के युवाओं को मिलेगा राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का सुनहरा अवसर, ‘माय भारत’ अभियान को गति देने कलेक्टर ने दिए व्यापक पंजीयन के निर्देश



जिला सलाहकार एवं समन्वय समिति की पहली बैठक संपन्न, 15 से 29 वर्ष के युवाओं को स्वयंसेवा, कौशल विकास, इंटर्नशिप और नेतृत्व के अवसरों से जोड़ने पर जोर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा, 14 जुलाई। जिले के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को नई दिशा देने के उद्देश्य से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की महत्वाकांक्षी पहल “माय भारत युवा कार्यक्रम” के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला सलाहकार समिति एवं जिला समन्वय समिति की प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर कुणाल दुदावत ने की।
बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि “माय भारत” केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक दायित्वों को नई पहचान देने वाला राष्ट्रीय अभियान है। उन्होंने अधिकारियों और शिक्षा संस्थानों के प्रमुखों को निर्देशित किया कि जिले के अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत यूथ वॉलंटियर के रूप में पंजीकृत कराया जाए, ताकि वे समाज सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

उन्होंने कहा कि आज का युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि उसकी ऊर्जा और प्रतिभा को सही दिशा मिले तो वह समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। इसी सोच के साथ जिले के सभी शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर अधिकतम युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक के दौरान माय भारत युवा कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को देशभर में उपलब्ध विभिन्न अवसरों से जोड़ने का एक व्यापक मंच है।
उन्होंने बताया कि माय भारत पोर्टल पर पंजीयन करने वाले युवाओं को विभिन्न शासकीय एवं सामाजिक कार्यक्रमों में स्वयंसेवक के रूप में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, अनुभव आधारित सीखने (एक्सपीरियंस लर्निंग), नेतृत्व विकास, करियर मार्गदर्शन, प्रोफाइल एवं सीवी निर्माण, अनुभवी मेंटर्स से जुड़ने तथा स्वयंसेवा प्रमाण-पत्र जैसी अनेक सुविधाएं प्राप्त होंगी, जो उनके भविष्य के करियर में भी सहायक सिद्ध होंगी।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि अधिक से अधिक युवाओं को इस राष्ट्रीय अभियान से जोड़कर उन्हें आत्मविश्वासी, सक्षम और समाज के प्रति उत्तरदायी नागरिक बनाया जाए। अधिकारियों ने विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर व्यापक स्तर पर पंजीयन अभियान चलाने की रणनीति पर भी चर्चा की।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, नगर पालिक निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण किरण (आईएएस), अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव, माधुरी सोम ठाकुर, जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जिला युवा अधिकारी ईशा गौतम, जिला सलाहकार समिति एवं जिला समन्वय समिति के सदस्य, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्य, सहायक प्राध्यापक, एनएसएस एवं एनसीसी के प्रभारी अधिकारी तथा बड़ी संख्या में माय भारत यूथ वॉलंटियर्स उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में “माय भारत” से जोड़कर उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का सक्रिय सहभागी बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान जिले के युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा और उन्हें सामाजिक नेतृत्व एवं कौशल विकास की दिशा में नई पहचान दिलाएगा।


