बालको की विकास पहल को मिली नई पहचान: सोनपुरी में सामुदायिक भवन का लोकार्पण, पाढ़ीमार में नए भवन का भूमि पूजन
1 min read



मंत्री लखन लाल देवांगन बोले— बालको उद्योग के साथ सामाजिक दायित्वों का भी कर रहा है उत्कृष्ट निर्वहन, ग्रामीण विकास को मिल रही नई दिशा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** बालकोनगर,10 जुलाई भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत ग्रामीण विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए सोनपुरी ग्राम पंचायत में नव-निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण तथा पाढ़ीमार, बालकोनगर में नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। दोनों कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और बालको प्रबंधन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
लोकार्पण एवं भूमि पूजन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ बालको के मुख्य कॉर्पोरेट अफेयर्स एवं प्रशासन अधिकारी कैप्टन धनंजय मिश्रा, कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत, कन्नौजिया राठौर समाज के अध्यक्ष जय राठौर, पार्षद हितानंद अग्रवाल, रजत प्रसाद खूटे, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बालको के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने बालको के सामाजिक सरोकारों की सराहना करते हुए कहा कि “बालको केवल औद्योगिक उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व का भी पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन कर रहा है। सामुदायिक भवन जैसे निर्माण ग्रामीणों के सामाजिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक कार्यों का प्रमुख केंद्र बनेंगे।” उन्होंने कहा कि शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, पेयजल, सड़क, बिजली, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में बालको का योगदान क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति दे रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से सामुदायिक भवन को अपनी धरोहर मानकर उसके संरक्षण और सदुपयोग का आह्वान भी किया।
बालको के सीईओ राजेश सिंह ने कहा कि कंपनी स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन जैसी सुविधाएं ग्रामीणों को एक बेहतर सामाजिक मंच प्रदान करेंगी और समाज में आपसी सहयोग तथा समग्र विकास को बढ़ावा देंगी।
बालको सीएसआर के अंतर्गत पिछले तीन वर्षों में 85 से अधिक आधारभूत विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। इनमें सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन, बच्चों के पार्क, आंगनवाड़ी केंद्र और सरकारी स्कूलों का नवीनीकरण जैसे कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से 20 गांवों के 20 हजार से अधिक ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है। हाल के महीनों में कंपनी ने नेहरू नगर सामुदायिक भवन, सिविक सेंटर स्थित जुबली पार्क और स्मृति उद्यान जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्य भी पूर्ण किए हैं।
ग्रामीणों ने सोनपुरी में सामुदायिक भवन के निर्माण और पाढ़ीमार में नए भवन की आधारशिला रखे जाने पर बालको प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि इन सुविधाओं से गांव में सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक गतिविधियों के लिए स्थायी एवं बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी।
बालको की यह पहल एक बार फिर साबित करती है कि औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक विकास का संतुलन ही सच्चे कॉर्पोरेट उत्तरदायित्व की पहचान है।







