महादेव सट्टा और अतिक्रमण के मुद्दे पर कांग्रेस पर भाजपा का हमला, देवलाल ठाकुर ने लगाए संरक्षण के आरोप



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में महादेव सट्टा ऐप मामले और कथित अतिक्रमण को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि महादेव सट्टा प्रकरण कांग्रेस शासनकाल में संरक्षण पाकर फला-फूला और अब मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद कई अहम खुलासे होने की संभावना है।
श्री ठाकुर ने दावा किया कि कांग्रेस के कुछ नेताओं और पदाधिकारियों के नाम पहले भी भ्रष्टाचार के मामलों में सामने आते रहे हैं। उनका कहना था कि जांच आगे बढ़ने पर कई बड़े नामों का खुलासा हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा सट्टेबाजों और भ्रष्टाचार से जुड़े लोगों को संरक्षण दिया।
प्रेसवार्ता में उन्होंने प्रदेश में अवैध अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि सरकारी जमीनों पर कब्जा किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में कई नेताओं पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के आरोप लगे और कांग्रेस ने ऐसे मामलों में हमेशा संरक्षण की राजनीति की।
देवलाल ठाकुर ने कहा कि यदि छत्तीसगढ़ को सुव्यवस्थित और विकसित राज्य बनाना है तो अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सभी को एकजुट होकर सोचने की आवश्यकता है। उन्होंने नागरिकों और राजनीतिक दलों से सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा तथा कानून के पालन के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की।


