कांग्रेस के आरोप भ्रामक, हर गरीब के पुनर्वास के लिए प्रतिबद्ध है भाजपा सरकार : नलिनीश ठोकने



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने कांग्रेस की प्रेस वार्ता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस तथ्यों को तोड़-मरोड़कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य किसी भी गरीब के साथ अन्याय किए बिना सभी पात्र लोगों का पुनर्वास सुनिश्चित करना है।
ठोकने ने कहा कि कांग्रेस के आरोप स्वयं विरोधाभासी हैं। यदि संबंधित भूमि चरागाह की थी, तो उस पर बड़े पैमाने पर स्थायी निर्माण कैसे हुए, इसका जवाब कांग्रेस को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार “सबको न्याय, किसी का तुष्टिकरण नहीं” की नीति पर कार्य कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने शासनकाल में लाखों गरीब परिवारों को आवास से वंचित रखने वाली कांग्रेस को गरीबों की चिंता करने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ प्रत्येक पात्र परिवार के हितों की रक्षा और पुनर्वास के लिए प्रतिबद्ध है।


