साइबर ठगी से रहें सतर्क: बालको ने फर्जी वेबसाइट और ई-मेल को लेकर जारी किया अलर्ट, केवल आधिकारिक माध्यमों पर ही करें भरोसा



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*बालकोनगर,07 जुलाई डिजिटल माध्यमों से बढ़ रहे साइबर अपराधों के बीच भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने आम नागरिकों, कर्मचारियों, व्यावसायिक साझेदारों और सभी हितधारकों के लिए महत्वपूर्ण साइबर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। कंपनी ने आगाह किया है कि बालको के नाम, ब्रांड और सेवाओं से मिलते-जुलते फर्जी वेबसाइट, डोमेन और ई-मेल आईडी बनाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने की कोशिश की जा सकती है। ऐसे में किसी भी ऑनलाइन माध्यम पर भरोसा करने से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच करना बेहद आवश्यक है।
बालको प्रबंधन ने बताया कि उसके संज्ञान में ऐसे मामले आए हैं, जिनमें साइबर अपराधी कंपनी की पहचान से मिलते-जुलते डोमेन और ई-मेल आईडी का उपयोग कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर सकते हैं। इनका उद्देश्य व्यक्तिगत, वित्तीय और व्यावसायिक जानकारी हासिल करना, मैलवेयर फैलाना अथवा ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम देना हो सकता है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी अनधिकृत डोमेन, वेबसाइट या ई-मेल का बालको से कोई संबंध नहीं है और न ही उन्हें कंपनी की स्वीकृति प्राप्त है।
बालको ने नागरिकों से अपील की है कि कंपनी से संबंधित किसी भी सूचना, सेवा या संवाद के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करें। कंपनी ने स्पष्ट किया कि उसकी एकमात्र आधिकारिक वेबसाइट www.balcoindia.com है तथा कंपनी के सभी अधिकृत ई-मेल केवल @vedanta.co.in डोमेन से ही जारी किए जाते हैं। यदि किसी ई-मेल का डोमेन इससे अलग हो या किसी अन्य वेबसाइट के माध्यम से बालको के नाम का उपयोग किया जा रहा हो, तो उसे संदिग्ध मानते हुए सतर्क रहें।
कंपनी ने सलाह दी है कि किसी भी वेबसाइट या ई-मेल पर अपनी व्यक्तिगत, गोपनीय, बैंकिंग अथवा व्यावसायिक जानकारी साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें। किसी भी संदिग्ध वेबसाइट, डोमेन, ई-मेल या ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तुरंत बालको की सुरक्षा टीम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और अन्य लोगों को भी संभावित साइबर ठगी से बचाया जा सके।
बालको प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि किसी फर्जी या अनधिकृत वेबसाइट, डोमेन अथवा ई-मेल के माध्यम से किए गए लेन-देन या साझा की गई जानकारी से होने वाले किसी भी नुकसान के लिए कंपनी जिम्मेदार नहीं होगी। कंपनी ने सभी नागरिकों और हितधारकों से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने, किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि से सावधान रहने तथा केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही विश्वास करने की अपील की है।


