राष्ट्रवाद के संकल्प से गूंजा भाजपा जिला कार्यालय: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर विराट कार्यकर्ता सम्मेलन, मुख्य वक्ता हर्षिता पांडेय का ऐतिहासिक एवं भव्य स्वागत



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा भारतीय जनसंघ के संस्थापक, महान शिक्षाविद्, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं देश की अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के पावन अवसर पर टी.पी. नगर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में भव्य एवं विराट कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले के सभी मंडलों से पहुंचे मंडल अध्यक्षों, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, एल्डरमैन, समाज के प्रबुद्ध नागरिकों तथा सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने पूरे आयोजन को राष्ट्रवाद, संगठनात्मक एकजुटता और सेवा संकल्प का भव्य उत्सव बना दिया।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर मुख्य वक्ता एवं भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय के कोरबा आगमन पर जिले के सभी मंडल अध्यक्षों, मंडल पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ, पुष्पमालाओं एवं जोरदार जयघोष के साथ उनका आत्मीय, भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया। पूरा जिला कार्यालय “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अमर रहें” के उद्घोष से गूंज उठा। स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण देखते ही बन रहा था। महिला मोर्चा, युवा मोर्चा सहित सभी प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं ने भी अपने उत्साहपूर्ण अभिनंदन से कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
मुख्य वक्ता हर्षिता पांडेय ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक अस्मिता, अखंड भारत और जनसेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सेवा, सुशासन और विकास का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य करे। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने, बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा जनसंपर्क को निरंतर बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संघर्ष और बलिदान का मार्ग अपनाया। उनका जीवन आज भी प्रत्येक राष्ट्रवादी कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ से प्रारंभ हुई राष्ट्रवादी विचारधारा आज भारतीय जनता पार्टी के रूप में विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन का स्वरूप ले चुकी है, जिसकी सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित, अनुशासित और राष्ट्रसेवा के लिए प्रतिबद्ध कार्यकर्ता हैं।

रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी संगठन को दिशा देने वाले प्रकाश स्तंभ हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच सक्रिय रहकर सेवा कार्यों को गति देने, जनसंपर्क को मजबूत करने तथा बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, प्रदेश सदस्य मीना शर्मा, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा एवं संजय शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, प्रफुल्ल तिवारी, रुक्मणी नायर, रेणुका राठिया, कमला बरेठ, अजय कंवर, विवेक मार्कण्डेय, कमला किंडो, प्रदीप सिंह, शैलेन्द्र यादव, संजय राठौर, दीपक चावड़ा, अविनाश दुबे, प्रीति स्वर्णकार, डॉ. विजय राठौर, कुल सिंह कंवर, राजेश लहरे, उत्तम सिंह रंधावा सहित जिले के सभी मंडल अध्यक्ष, सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, एल्डरमैन, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सम्मेलन के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, सेवा, समर्पण और संगठनात्मक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा संगठन को बूथ से लेकर प्रत्येक घर तक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।

मुख्य वक्ता हर्षिता पांडेय के सम्मान में आयोजित भव्य स्वागत समारोह पूरे सम्मेलन का विशेष आकर्षण रहा। मंडल अध्यक्षों एवं मंडल पदाधिकारियों ने पूरे उत्साह और आत्मीयता के साथ उनका अभिनंदन किया। पुष्पवर्षा, पुष्पमालाओं और पुष्पगुच्छों से हुए सम्मान ने न केवल अतिथि के प्रति कार्यकर्ताओं के सम्मान और स्नेह को प्रदर्शित किया, बल्कि भाजपा संगठन की अनुशासित कार्यसंस्कृति, संगठनात्मक एकजुटता और कार्यकर्ताओं की ऊर्जा का भी प्रभावशाली परिचय कराया। कार्यकर्ताओं के जोश, उत्साह और अभूतपूर्व सहभागिता ने इस सम्मेलन को जिले के महत्वपूर्ण एवं यादगार संगठनात्मक आयोजनों में शामिल कर दिया।


