खनिज माफियाओं पर खनिज विभाग का बड़ा प्रहार: 9 वाहन जब्त, अब उठने लगे सवाल—क्या कार्रवाई पहुंचेगी अंजाम तक?



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*कोरबा। जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई से खनिज माफियाओं में हड़कंप की स्थिति है। विशेष अभियान के तहत गठित खनिज उड़नदस्ता दल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमार कार्रवाई करते हुए अवैध परिवहन में संलिप्त 4 ट्रैक्टर, 3 टीपर, 1 जेसीबी और 1 हाईवा जब्त किया है। सभी वाहनों को संबंधित थानों एवं खनिज जांच नाकों की अभिरक्षा में रखा गया है।
विभाग के अनुसार यह कार्रवाई भैसामुड़ा, कटबिटला, कुदमुरमाल, सोनपुरी, सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, पाली, ढुकुपथरा, बाल्को, कसनिया, कटघोरा, उरगा, पताढ़ी सहित कई क्षेत्रों में की गई। अवैध रेत, ईंट और चूना पत्थर के परिवहन में लगे वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के बीच आम लोगों के बीच यह जिज्ञासा भी बनी रहती है कि जब्त किए गए वाहनों का आगे क्या होता है। नियमानुसार जब्त वाहन तत्काल नहीं छोड़े जाते। संबंधित मामलों की जांच, दस्तावेजों का परीक्षण, प्रकरण दर्ज होने की प्रक्रिया तथा सक्षम अधिकारी के आदेश के बाद ही वैधानिक प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई होती है। यदि जुर्माना, रॉयल्टी, शर्तें या न्यायालय/सक्षम प्राधिकारी के आदेश लागू होते हैं, तो उसी के अनुरूप वाहन छोड़े जा सकते हैं। प्रत्येक मामले का निर्णय उसके तथ्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर किया जाता है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और शासकीय राजस्व की रक्षा के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


