भाजपा किसान मोर्चा मंडल मंत्री पर हमले से उबाल, जिलाध्यक्ष रामनारायण शराफ बोले— “हमलावरों को बख्शा नहीं जाए, कड़ी से कड़ी कार्रवाई करे पुलिस”



अस्पताल पहुंचकर घायल कपिलेश्वर धीरज का जाना हालचाल, निष्पक्ष जांच और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की उठाई मांग
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। भाजपा किसान मोर्चा के कोरबा मंडल मंत्री कपिलेश्वर धीरज पर हुए हमले के बाद राजनीतिक हलकों में आक्रोश का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामनारायण शराफ तत्काल जिला चिकित्सालय (100 बिस्तर अस्पताल) पहुंचे और उपचाररत कपिलेश्वर धीरज से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
अस्पताल में मौजूद पुलिस अधिकारियों से चर्चा करते हुए रामनारायण शराफ ने कहा कि इस हमले की निष्पक्ष और त्वरित जांच होनी चाहिए तथा घटना में शामिल दोषियों के विरुद्ध कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक या जनप्रतिनिधि पर इस प्रकार का हमला कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जा सकती।
शराफ ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई से ही कानून के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत होगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की गहन जांच कर दोषियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा किसान मोर्चा अपने मंडल मंत्री कपिलेश्वर धीरज और उनके परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। संगठन उनके बेहतर उपचार, न्याय और हर आवश्यक सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है तथा पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।
इस दौरान मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और इस प्रकार की हिंसक घटनाओं के जिम्मेदार लोगों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत कठोर दंड मिलना चाहिए।


