अटल जी की स्मृतियों से सजी प्रदर्शनी का देश के विख्यात उद्घोषक कमल शर्मा ने किया अवलोकन, भाजपा प्रदेश कार्यालय में उमड़ा कार्यकर्ताओं का उत्साह
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****// रायपुर भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, विचारों और राष्ट्रनिर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री एवं प्रदर्शनी भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भव्य रूप से सजाई गई है। इस प्रदर्शनी को देखने प्रदेश भर से भाजपा कार्यकर्ता लगातार पहुंच रहे हैं और अटल जी के प्रेरणादायी जीवन से रूबरू हो रहे हैं।

इसी क्रम में देश के प्रसिद्ध उद्घोषक कमल शर्मा विशेष रूप से भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे और अटल जी के जीवन पर केंद्रित इस प्रदर्शनी एवं डॉक्यूमेंट्री का अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि अटल बिहारी वाजपेयी जी पर आधारित इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म में कमल शर्मा ने अपनी सशक्त एवं प्रभावशाली आवाज दी है, जिसे देखने-सुनने वाले सभी दर्शकों द्वारा अत्यंत सराहा जा रहा है। उनकी ओजस्वी वाणी ने अटल जी के व्यक्तित्व, विचार और संघर्षों को और अधिक जीवंत बना दिया है।
प्रदर्शनी के दौरान कमल शर्मा ने अटल जी के जीवन से जुड़ी स्मृतियों, उनके काव्यात्मक व्यक्तित्व, राजनीतिक दूरदर्शिता और संवेदनशील नेतृत्व को याद करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि विचारों के युगपुरुष थे, जिनकी सोच आज भी देश को दिशा देती है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से नई पीढ़ी को अटल जी के विचारों, मूल्यों और राष्ट्रसेवा की भावना से जोड़ने में मदद मिलती है। प्रदर्शनी और डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से अटल जी का संपूर्ण जीवन दर्शन अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।


